झारखंड में मौसम ने लोगों को किया कंफ्यूज और परेशान, सुबह ठंड से कांप रहे तो दोपहर में गर्मी से हो रहे पसीना-पसीना
Wednesday, Feb 04, 2026-11:49 AM (IST)
Jharkhand Weather: झारखंड में इन दिनों मौसम का अजीब खेल देखने को मिल रहा है। सुबह और शाम ठंड से लोग कांप रहे हैं, तो वहीं दोपहर में तेज धूप लोगों को पसीना निकालने पर मजबूर कर रही है। इस बदलते मौसम ने लोगों को कंफ्यूज और परेशान दोनों कर दिया है। पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी का असर झारखंड के तापमान पर भी साफ दिख रहा है।
झारखंड में मौसम का डबल मिजाज
राज्य के कई जिलों में सुबह और शाम कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को 2-2 स्वेटर पहनने पड़ रहे हैं। वहीं, दोपहर में तेज धूप निकलते ही गर्मी सताने लगती है और स्वेटर उतारने पड़ते हैं। मौसम के इस उतार-चढ़ाव ने लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर दिया है। देवघर, गोड्डा, दुमका, पाकुड़ और जामताड़ा जैसे उत्तर-पूर्वी जिलों में दोपहर की धूप काफी तेज हो रही है। धूप इतनी कड़ी है कि लोगों को पसीना आ रहा है। हालांकि सुबह और शाम हल्की ठंड बनी हुई है। इन जिलों में न्यूनतम तापमान 11 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है, जबकि अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री के आसपास बना हुआ है।
जमशेदपुर और सरायकेला में दोपहर में गर्मी
जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां जिलों में सुबह और शाम हल्की ठंड है, लेकिन दोपहर में गर्मी काफी ज्यादा महसूस की जा रही है। धूप इतनी तेज होती है कि लोगों को स्वेटर की जरूरत ही नहीं पड़ती। सिग्नल पर कुछ देर रुकते ही पसीना निकलने लगता है। यहां अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री तक पहुंच रहा है, जबकि न्यूनतम तापमान 15 से 16 डिग्री के बीच बना हुआ है।
गुमला में अब भी ठंड का असर
गुमला जिला अभी भी ठंड की गिरफ्त में है। जंगलों और कच्चे मकानों की अधिकता के कारण यह जिला हमेशा ठंडे इलाकों में गिना जाता है। दिसंबर में यहां न्यूनतम तापमान 0 डिग्री तक दर्ज किया गया था। बीते 24 घंटे में यहां का न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री दर्ज किया गया है। सुबह और शाम यहां कड़ाके की ठंड पड़ रही है और लोगों को डबल स्वेटर पहनना पड़ रहा है। खास बात यह है कि गुमला में दोपहर के समय भी ठंडी हवाएं चल रही हैं।

