झारखंड में बदला मौसम का मिजाज: बारिश के बाद अब तेज गर्मी का अलर्ट, 40 डिग्री तक तापमान पहुंचने की संभावना
Friday, Apr 10, 2026-10:53 AM (IST)
Jharkhand Weather: झारखंड में पिछले कुछ दिनों से मौसम का मिजाज बदलता रहा है। कहीं बारिश तो कहीं आंधी-तूफान ने लोगों की परेशानी बढ़ाई है। अब मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए नया अपडेट दिया है।
40 डिग्री तक तापमान पहुंचने की संभावना
झारखंड में आज बारिश से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद अगले चार दिनों में गर्मी बढ़ेगी और कई जगहों पर तापमान 40 डिग्री तक पहुंच सकता है। 14 अप्रैल के बाद उमस और गर्मी और बढ़ने की संभावना है। पिछले 24 घंटे में सरायकेला में सबसे ज्यादा तापमान 36.3 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि रांची के नामकुम में सबसे कम तापमान 14.6 डिग्री रहा। कई जगहों पर गरज के साथ बारिश हुई और रांची में कुछ इलाकों में ओले भी गिरे। गोड्डा में सबसे ज्यादा 32.2 मिमी बारिश हुई।
दो दिनों में तीन लोगों की मौत
बीते कुछ दिनों में आंधी, बारिश और वज्रपात से जनजीवन प्रभावित हुआ है। दो दिनों में तीन लोगों की मौत हो गई। कई जगहों पर पेड़ गिरने और फसलों को नुकसान की खबर है, खासकर सब्जी उगाने वाले किसानों को भारी नुकसान हुआ है। मौसम के कारण सब्जियों की कीमतें भी बढ़ गई हैं। पिछले एक हफ्ते में ज्यादातर सब्जियां 5 से 10 रुपये प्रति किलो महंगी हुई हैं। नींबू की कीमत सबसे ज्यादा बढ़ी है, जो 5 रुपये से बढ़कर 10 रुपये प्रति पीस हो गई है।
"मौसम खराब होने पर सतर्क रहें"
वज्रपात और आंधी से हुई घटनाओं में पश्चिमी सिंहभूम के सारंडा में सीआरपीएफ जवान की मौत हो गई। हजारीबाग में एक महिला और जमशेदपुर में एक युवक की भी मौत हुई है। लोगों को सलाह दी गई है कि मौसम खराब होने पर सतर्क रहें और सुरक्षित जगहों पर रहें।

