सावधान! झारखंड झुलसने वाला है.. 42 डिग्री तक जा सकता है पारा, लोगों को सताएगी गर्मी; रहे सतर्क
Wednesday, Apr 15, 2026-12:54 PM (IST)
Jharkhand Weather: मार्च से शुरू हुआ आंधी-बारिश का सिलसिला अब थमने लगा है। मौसम साफ होते ही गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है और झारखंड में आने वाले दिनों में तापमान तेजी से बढ़ने की संभावना है।
42 डिग्री तक बढ़ सकता है पारा
मौसम विभाग के मुताबिक अगल तीन-चार दिनों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री पर पहुंच सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक इस सप्ताह राज्य के कुछ हिस्से में हीट वेव यानी उष्ण लहर की स्थिति बन सकती है। बढ़ती गर्मी को लेकर हाइड्रेट रहने तथा बच्चे, बुजुर्ग व गर्भवती महिलाओं को सतर्कता बरतने की सलाह दी है। IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है जहां गर्मी अपना विकराल रूप धारण कर सकती है।
आज का मौसम
आज की बात करें तो आज बुधवार को राज्य में मौसम मुख्य रूप से शुष्क और तेज धूप रहने वाला है। रांची मौसम विभाग के अनुसार आज अधिकतम तापमान कई जगहों पर 38 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच सकता है जबकि न्यूनतम तापमान 24 से 28 डिग्री के आसपास रहने वाला है। रांची में दिन का तापमान लगभग 39-40 डिग्री और रात का 25-26 डिग्री रहने की संभावना है। वहीं, जमशेदपुर, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह और दुमका जैसे इलाकों में भीषण गर्मी पड़ने वाली है। यहां का तापमन 40 डिग्री से ऊपर जा सकता है।

