झारखंड में भीषण गर्मी! अत्यधिक तापमान से गढ़वा के बंडा पहाड़ में लगी आग, बुझाने में जुटे ग्रामीण और वन विभाग

Saturday, Apr 11, 2026-04:05 PM (IST)

Jharkhand News: झारखंड के गढ़वा जिले में बढ़ती गर्मी ने हालात गंभीर कर दिए हैं। अत्यधिक तापमान के कारण बंडा पहाड़ पर आग लग गई है, जिसे बुझाने के लिए ग्रामीणों और वन विभाग की टीम लगातार प्रयास कर रही है।

रात के समय आग की लपटें काफी तेज दिखाई दीं
जिले में अप्रैल की शुरुआत से ही तेज गर्मी पड़ रही है। इसी बीच बंडा पहाड़ पर आग लगने की घटना सामने आई है। रात के समय आग की लपटें काफी तेज दिखाई दीं, जिससे आसपास के इलाके में चिंता का माहौल है। वन विभाग के अनुसार, आग लगने का मुख्य कारण अत्यधिक गर्मी हो सकता है। हालांकि, असली वजह जानने के लिए जांच जारी है। डीएफओ ने बताया कि गढ़वा झारखंड के उन जिलों में शामिल है जहां बारिश कम होती है और हर साल गर्मी के मौसम में जंगलों में आग लगने की घटनाएं सामने आती हैं।

तेजी से फैल रही है आग
डीएफओ ने यह भी बताया कि कई बार महुआ चुनने के दौरान लोग जानबूझकर जंगल में आग लगा देते हैं, जिससे पेड़-पौधों को नुकसान होता है और जंगली जानवरों की जान भी खतरे में पड़ जाती है। फिलहाल, स्थानीय ग्रामीण और वन विभाग मिलकर आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं। दिन में ग्रामीण लाठी-डंडों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन आग तेजी से फैल रही है।

आग पर काबू पाने के प्रयास लगातार जारी
स्थानीय निवासी मेहेंद्र पाल ने बताया कि वह खुद पहाड़ पर जाकर नजर रख रहे हैं ताकि आग नीचे स्थित मंदिर तक न पहुंचे। उन्होंने कहा कि आग पर काबू पाने के प्रयास लगातार जारी हैं। वन विभाग ने यह भी कहा है कि जहां भी आग की सूचना मिलती है, वहां तुरंत कार्रवाई की जाती है। आग बुझाने में मदद करने वाले ग्रामीणों को केंद्र सरकार के नियमों के तहत प्रोत्साहन राशि भी दी जाती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static