झारखंड में गर्मी ने दिखाए कड़े तेवर! पारा 35 डिग्री पार पहुंचा, आने वाले दिनों में हीट वेव की चेतावनी

Tuesday, Apr 14, 2026-10:16 AM (IST)

Jharkhand Weather Alert : झारखंड में हीट वेव का असर अब साफ तौर पर दिखने लगा है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार, राज्य के लगभग सभी जिलों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को पार कर चुका है। आने वाले एक सप्ताह के भीतर गर्मी और भी तीव्र होने की संभावना है।

जमशेदपुर में सबसे अधिक तापमान

सोमवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, जमशेदपुर 39.6 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान दर्ज किया गया। वहीं, राजधानी रांची में भी पारा 35.6 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुँचा है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी तापमान में लगातार बढ़ोत्तरी दर्ज की जा रही है।

इन जिलों में 'हीट वेव' का अलर्ट

मौसम विभाग ने 17 अप्रैल के लिए विशेष चेतावनी जारी की है। पलामू, हजारीबाग, लोहरदगा, गुमला और रामगढ़ समेत राज्य के मध्य व उत्तर-पश्चिमी भागों के 12 जिलों में लू चलने की प्रबल संभावना है। इस दौरान गर्म हवाएं चलने से लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

भीषण गर्मी के बीच राहत की खबर यह है कि 18 अप्रैल के आसपास मौसम का मिजाज थोड़ा बदल सकता है। राज्य के कुछ इलाकों में हल्के बादल छाने और छिटपुट बारिश होने की संभावना है। यदि बारिश होती है, तो तापमान में 2-3 डिग्री की मामूली गिरावट दर्ज की जा सकती है।

लोगों को सावधानी बरतने की सलाह

मौसम वैज्ञानिकों और डॉक्टरों ने लोगों को सलाह दी है कि वे दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से परहेज करें। बाहर निकलने पर सूती कपड़े पहनें, सिर ढंककर रखें और शरीर में पानी की कमी न होने दें। विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों का अधिक ध्यान रखने की आवश्यकता है।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static