झारखंड में बिगड़ने वाला है मौसम! राज्य के कई जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी, सावधान रहें लोग
Monday, Apr 06, 2026-11:36 AM (IST)
Jharkhand Weather: झारखंड में मौसम अचानक बदल गया है। मौसम विभाग ने 8 अप्रैल तक राज्य के कई जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
कुछ इलाकों में ओले गिरने का अलर्ट जारी
राज्य के कई जिलों में आज से मौसम खराब रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक 8 अप्रैल तक आंधी और बारिश हो सकती है। तेज हवाएं 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। कुछ इलाकों में ओले गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि सोमवार को रांची, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, दुमका, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद और बोकारो में ओले गिर सकते हैं।
बारिश के कारण तापमान में भी आएगी गिरावट
मंगलवार को रांची के साथ पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला, रामगढ़, बोकारो, खूंटी, धनबाद, हजारीबाग, कोडरमा और गिरिडीह जिलों में भी ओलावृष्टि की संभावना है। बुधवार को रांची समेत संताल परगना और कोल्हान क्षेत्र के सभी जिलों में ओले गिर सकते हैं। इसके अलावा खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, कोडरमा और हजारीबाग में भी असर देखने को मिल सकता है।
पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में बारिश हुई है। रामगढ़ में 21 मिमी, बरही में 12.4 मिमी और चाकुलिया में 8.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। रांची, सिमडेगा, चाईबासा, बोकारो और कोडरमा समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट आई है। कई जगहों पर अधिकतम तापमान 1 से 7 डिग्री तक कम हुआ है। रांची में अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पहले से करीब 2 डिग्री कम है।

