24 घंटे के अंदर बदलने वाला झारखंड का मौसम! गर्म हवा और लू का अलर्ट जारी, दोपहर में बाहर निकलना होगा मुश्किल
Thursday, Apr 02, 2026-02:31 PM (IST)
Jharkhand Weather: झारखंड में पिछले 24 घंटे की बारिश ने मौसम को सुहाना बना दिया था, लेकिन अब 24 घंटे के अंदर ही मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। यहां हर दिन मौसम बदलता हुआ नजर आ रहा है। कभी बारिश, तो कभी तेज गर्म हवा और लू के कारण दोपहर में बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। आइए जानते हैं आज झारखंड के मौसम की ताजा जानकारी।
गर्म हवा और लू का अलर्ट
झारखंड के कुछ जिलों में आज गर्म हवा और लू को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में बोकारो, धनबाद, गोड्डा, देवघर, साहिबगंज, पाकुड़, सरायकेला खरसावां और जमशेदपुर शामिल हैं। दोपहर 12 बजे से 2.30 बजे के बीच बाहर निकलना ज्यादा सुरक्षित नहीं है। अगर बाहर जाना जरूरी हो तो सिर को ढककर रखें और लगातार पानी पीते रहें।
तापमान की स्थिति
झारखंड के कुछ जिलों में अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री के बीच रहेगा। पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा तापमान 38.6 डिग्री डालटेनगंज में दर्ज किया गया था। न्यूनतम तापमान 23 डिग्री के आसपास रहेगा, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.1 डिग्री गुमला में देखा गया।
बारिश की संभावना
पलामू, चतरा, लातेहार, रांची, रामगढ़, बोकारो, जामताड़ा, धनबाद और गढ़वा में शाम के वक्त हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।

