झारखंड में मौसम की मार! 8 अप्रैल तक आंधी-पानी और बिजली गिरने का अलर्ट, लोगों को बरतनी होगी सावधानी नहीं तो...
Saturday, Apr 04, 2026-11:08 AM (IST)
Jharkhand Weather: झारखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार 4 अप्रैल से राज्यभर में मौसम अस्थिर रहेगा। बंगाल की खाड़ी में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन और बढ़ी हुई नमी के कारण कई जिलों में बारिश, गरज और तेज हवा चलने की संभावना है।
4 और 5 अप्रैल को बारिश और आंधी
3 अप्रैल को मौसम सामान्य और शुष्क रहेगा, लेकिन 4 अप्रैल से बदलाव शुरू होगा। इस दिन रांची, खूंटी, गुमला, लातेहार, पलामू, गढ़वा, चतरा, लोहरदगा, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, गिरिडीह और धनबाद में दोपहर बाद बादल छाने के साथ तेज हवा, गरज और बारिश हो सकती है। 5 अप्रैल को पूरे राज्य में गरज के साथ बारिश और वज्रपात का खतरा रहेगा। इस दौरान 40–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है। मौसम विभाग ने इन दोनों दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
6 से 8 अप्रैल तक हल्की से मध्यम बारिश
6 और 7 अप्रैल को आंशिक बादल छाये रहेंगे और कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 8 अप्रैल को पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार को छोड़कर बाकी जिलों में गरज के साथ बारिश के आसार हैं। कुल मिलाकर अगले पांच दिनों तक मौसम बदलता रहेगा और गर्मी से राहत मिलेगी। अगले दो दिनों में तापमान 2–3 डिग्री तक बढ़ सकता है। इसके बाद बारिश और बादलों की वजह से 3–5 डिग्री तक गिरावट आएगी।
गुरुवार को जमशेदपुर और मेदिनीनगर में अधिकतम तापमान 39.4°C दर्ज किया गया, जबकि रांची में 35.4°C रहा।
जमशेदपुर में बदला मौसम
जमशेदपुर में दिनभर तेज धूप और उमस रही, लेकिन शाम को अचानक बादल छा गये और तेज हवा चली। इससे मौसम सुहावना हो गया।
5 से 8 अप्रैल के बीच यहां रोज बारिश होने की संभावना है। 5 और 6 अप्रैल को 50–60 किमी प्रति घंटे की तेज हवा चल सकती है।
गिरिडीह में बढ़ रही गर्मी
गिरिडीह में तापमान बढ़कर 39°C तक पहुंच गया है। दोपहर में गर्म हवाएं चल रही हैं, जिससे लोग परेशान हैं। लोग अब छाता, गमछा, कूलर और एसी का इस्तेमाल कर रहे हैं।
नोवामुंडी में रात में बारिश
नोवामुंडी में देर रात अचानक मौसम बदला और हल्की बारिश हुई। तेज हवा के कारण बिजली भी कुछ समय के लिए बाधित रही। बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली।
सावधानी जरूरी
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ के नीचे या बिजली के खंभों के पास खड़े न हों। किसानों और आम लोगों से अपील की गई है कि वे मौसम की जानकारी पर नजर रखें और सावधानी बरतें।

