झारखंड में बारिश ने मचाई तबाही! तेज आंधी-बारिश और वज्रपात से आधा दर्जन घर टूटे, मवेशियों की मौत; लोग परेशान
Monday, Apr 06, 2026-02:39 PM (IST)
Jharkhand News: झारखंड के गढ़वा जिले के रमकंडा इलाके में रविवार की रात तेज आंधी और बारिश के साथ वज्रपात हुआ। इस दौरान कई गांवों में नुकसान हुआ और लोग परेशान रहे।
रात अंधेरे में गुजारने को मजबूर हुए लोग
चेटे गांव में करीब आधा दर्जन खपरैल वाले घर टूट गए और कई पेड़ गिर गए। बिजली के तार टूटने से बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई। पटसर के टोला पत्थलगढ़वा में वज्रपात के कारण उपेंद्र भुईयां के दो भैंसों की मौत हो गई, जिससे परिवार को आर्थिक नुकसान हुआ। वहीं, कुरुमदारी गांव में तेज हवा के कारण बिजली का खंभा गिर गया, जिससे पूरे गांव की बिजली गुल हो गई और लोग रात अंधेरे में गुजारने को मजबूर हुए। मुनि भुइयां, शंभू बैठा, प्रताप रजक और सुरेश भुईयां के घरों को भी आंशिक नुकसान पहुंचा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ितों को मुआवजा देने और बिजली की व्यवस्था जल्द बहाल करने की मांग की। विधायक प्रतिनिधि ज्ञानरंजन पांडेय ने कहा कि घटना की जानकारी मिल गई है और पीड़ितों को हर संभव मदद दी जाएगी।

