झारखंड में मौसम ने ली अंगड़ाई, कई जिलों में बारिश, ओलावृष्टि और तेज आंधी का अलर्ट
Sunday, Apr 05, 2026-10:29 AM (IST)
Jharkhand Weather: झारखंड के मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव आने वाला है। मौसम विभाग ने कई जिलों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी किया है।
कई जिलों में बारिश, ओलावृष्टि और तेज आंधी का अलर्ट
पश्चिमी विक्षोभ, साइक्लोनिक सर्कुलेशन और बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के कारण रविवार से मौसम बदल सकता है। इन सिस्टम्स की वजह से हवा में नमी बढ़ गई है, जिससे बारिश के हालात बन रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 5 अप्रैल को गढ़वा, पलामू, चतरा और हजारीबाग जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। इस दौरान बिजली गिरने का खतरा भी रहेगा और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है।
मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए जारी किया ऑरेंज अलर्ट
6 अप्रैल को रांची, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा और देवघर जिलों में भी इसी तरह का मौसम रहने की संभावना है। इन जगहों पर भी बारिश, ओलावृष्टि, वज्रपात और तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, राज्य के बाकी हिस्सों में भी बादल छाए रहने, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी।

