पत्नी ने ससुराल जाने से किया इनकार, पति ने उठाया ऐसा खौफनाक कदम घर में मच गई चीख-पुकार
Thursday, Nov 27, 2025-01:20 PM (IST)
Munger Crime News: बिहार के मुंगेर जिले से एक दिल-दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पर पत्नी ने ससुराल चलने से इंकार कर दिया तो पति ने पेड़ में फंदे से लटक कर अपनी जान दे दी। वहीं, इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, मामला जिले के नयारामनगर थाना इलाके के चमनगढ़ गांव का है। मृतक की पहचान खगड़िया जिले के अलौली निवासी 35 वर्षीय विक्रम पासवान के रूप में हुई है। मृतक के परिजनों ने ससुरालवालों पर विक्रम की हत्या कर आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि विक्रम पासवान की शादी 8 साल पहले चमनगढ़ गांव निवासी रामविलास पासवान की बेटी अमृता से हुई थी, लेकिन शादी के बाद अमृता ज्यादातर अपने मायके में ही रहती थी। इसको लेकर काफी विवाद होता रहता था। चार दिन पहले विक्रम अपने ससुराल गया था। इसी बीच वह अपनी पत्नी द्वारा ससुराल जाने से मना करने पर इतना दुखी हुआ कि उसने आत्महत्या कर ली।विक्रम का शव ससुराल स्थित घर के पीछे पेड़ पर लटका मिला। इसके बाद ससुरालवालों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
जांच में जुटी पुलिस
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। मृतक के परिजनों ने ससुरालवालों पर हत्या का आरोप लगाया है। फिलहाल, पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। वहीं, इस घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

