गोपालगंज: डोली तैयार थी, लेकिन मौत पहले आ गई: गोपालगंज में दिल दहला देने वाला हादसा

Sunday, Nov 23, 2025-07:13 PM (IST)

गोपालगंज: शादी की रौनक, मेहमानों की चहल-पहल, घर पर विदाई की गाड़ी खड़ी थी… और अचानक एक फोन आया – “राजेश को ट्रक ने कुचल दिया!” पूरा घर मातम में डूब गया। फुलवरिया बाजार के रहने वाले राजेश सिंह कुशवाहा (35 साल) अपनी बहन की विदाई से कुछ देर पहले ही दुनिया से चले गए।

100 फीट तक घसीटा ट्रक ने, मौके पर ही तोड़ा दम

घटना रविवार सुबह की है। शनिवार रात बहन चंदा की शादी हो चुकी थी। राजेश जनवासा (प्राइमरी स्कूल परिसर) में बारातियों के लिए कमरा लॉक करके वापस घर लौट रहे थे। तभी छपरा-मुजफ्फरपुर NH-722 पर तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। बाइक ट्रक के आगे फंस गई और राजेश को करीब 100 फीट तक घसीटते हुए ले गया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक चालक को पकड़ा, तीन घंटे लगा जाम

हादसा देख ग्रामीण दौड़े और ट्रक का पीछा किया। डर के मारे चालक ने ट्रक रोका तो लोगों ने उसे पकड़ लिया और मकेर थाना को खबर दी। परिजन राजेश को छपरा सदर अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जैसे ही घर पर यह खबर पहुंची, कोहराम मच गया। मां मुन्नी देवी, पत्नी सोनी देवी, पिता लालबाबू और छोटे भाई बेहोश होने लगे। दुल्हन चंदा सदमे में थी, विदाई के लिए तैयार ही नहीं हो रही थी।

पुलिस ने ट्रक जब्त किया, चालक हिरासत में

गुस्साए ग्रामीणों ने NH-722 जाम कर दिया। तीन घंटे तक लंबा जाम रहा। मकेर थानाध्यक्ष पप्पू कुमार और अपर थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। पूर्व विधायक कृष्ण कुमार मंटू सिंह और मुखिया मीना देवी के समझाने-बुझाने पर ही जाम खुला। पुलिस ने ट्रक और चालक को हिरासत में ले लिया है।

बहन की डोली गई, उसी दिन भाई की अर्थी उठी

घर में जहां ढोल-नगाड़े बज रहे थे, वहां कुछ घंटों बाद अर्थी उठी। बहन की डोली गई और भाई की अर्थी भी उसी दिन निकली। राजेश राज मिस्त्री का काम करते थे, घर के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। पिता मजदूरी करते हैं। अब पूरा परिवार बेसहारा हो गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static