सीतामढ़ी में दिल दहलाने वाली घटना, 8 साल के बच्चे के रोटावेटर में फंसकर हुए कई टुकड़े; ड्राइवर ने खेत में किया दफन
Monday, Nov 10, 2025-12:44 PM (IST)
सीतामढ़ी: बिहार के सीतामढ़ी जिले से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। दरअसल यहां एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से आठ वर्षीय मासूम की जान चली गई।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना नगर पंचायत बेलसंड के वार्ड-7 की है। मृतक बच्चे की पहचान रेहान के रूप में हुई है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि जिस ट्रैक्टर से खेत जोता जा रहा था, उसी ट्रैक्टर पर रेहान बैठा हुआ था। इस दौरान रेहान की रोटावेटर की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। वहीं ट्रैक्टर चालक उसकी मृतक देह को खेतों में ही दफना कर फरार हो गया। जब रेहान घर नहीं पहुंचा तो परिजन घबरा गए और उसे ढूंढना शुरु कर दिया। जिसके बाद उन्हें खेत के एक हिस्से में रेहान के शरीर कुछ टुकड़े मिले, जिसे देखकर परिवार के लोगों के पैरों से जमीन खिसक गई और सदमे में डूब गए।
इधर सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बच्चे की दादी मोमिना खातून ने ट्रैक्टर चालक छोटे उर्फ मुमताज और उसके भतीजे मो. खालिद रजा पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने मो. खालिद रजा को हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। अब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा कि घटना हत्या थी या हादसा। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल फरार ड्राइवर की तलाश जारी है।

