भागलपुर में दर्दनाक हादसा! डीजे वाहन नदी में गिरने से 5 युवाओं की मौत; मचा कोहराम
Monday, Aug 04, 2025-08:42 AM (IST)

भागलपुर(अंजनी कुमार कश्यप): बिहार के भागलपुर जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आ रही है। यहां रविवार देर रात डीजे लदे वाहन के बरसाती नदी में गिर जाने से पांच लोगों की मौत हो गई। वहीं इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।
डीजे वाहन पर लगभग 12 लोग सवार थे, 5 की दर्दनाक मौत
मिली जानकारी जानकारी के अनुसार, घटना भागलपुर जिला के शाहकुंड -भागलपुर मुख्य पथ की है। मृतकों की पहचान संतोष कुमार , मनोज कुमार, विक्रम कुमार, अंकुश कुमार और विक्रम कुमार के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि मरने वालों में सभी छात्र थे, और उच्च विद्यालय शाहकुंड में पढ़ते थे। मरने वालों में पूरानी खेरही गांव के तीन और कसवा खेरही गांव के दो है। बताया जा रहा है कि डीजे वाहन पर लगभग 12 लोग सवार थे, जिनमें डूबने से 5 की दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार रात के 11:30 के आसपास में पिकअप वाहन पर डीजे और जनरेटर लगा कर 12 युवकों की टोली नाचते गाते हुए अंतिम सोमवारी पर गंगा स्नान के लिए सुल्तानगंज गंगा घाट जा रहे थे। रात होने और डीजे के शोर में किसी कारणवश डीजे वाहन चालक नियंत्रण खो गया। जिस कारण शाहकुंड सुल्तानगंज मुख्य सड़क महतो स्थान के आगे वाहन बरसाती नदी में गिर गया और यह दर्दनाक हादसा घटित हुआ। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां 5 को चिकित्सको ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।