Jharkhand Weather: झारखंड में मौसम शुष्क...तापमान स्थिर, Valentine Day तक कोहरा छाए रहने की संभावना

Monday, Feb 09, 2026-02:09 PM (IST)

Jharkhand Weather: झारखंड में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क बना रहा। राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव दर्ज नहीं किया गया। मौसम विभाग के अनुसार ट्रोपोस्फियर स्तर पर पश्चिमी से उत्तर-पश्चिमी हवाएं प्रभावी बनी हुई हैं।

राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ 9 फरवरी से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है, लेकिन इसका झारखंड के मौसम पर फिलहाल कोई विशेष असर पड़ने की संभावना नहीं है। अगले 24 घंटों के दौरान भी राज्य भर में मौसम शुष्क रहने और तापमान में बड़े उतार-चढ़ाव की आशंका नहीं जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार 14 फरवरी तक झारखंड के मध्य, दक्षिणी, उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में सुबह के समय हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना है। हालांकि दिन चढ़ने के साथ ही आसमान साफ हो जाएगा। 10 से 12 फरवरी के बीच कुछ इलाकों में आंशिक बादल छा सकते हैं, लेकिन इससे मौसम पर कोई खास प्रभाव नहीं पड़ेगा। इस पूरे अवधि में राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल किसी भी जिले के लिए मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है।  

राज्य में ठंड अब धीरे-धीरे विदा ले रही
तापमान की बात करें तो राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस गुमला में रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस रहा। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है। उत्तर और मध्य झारखंड में दिन का तापमान 28 से 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि दक्षिणी जिलों में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस तक जाने का अनुमान है। मौसम शुष्क रहने और किसी प्रकार की चेतावनी नहीं होने से जनजीवन सामान्य रहने की उम्मीद है। कृषि कार्यों के लिए भी मौसम अनुकूल बताया गया है। दिन के तापमान में बढ़ोतरी के कारण दोपहर में हल्की गर्मी महसूस होगी, जबकि सुबह और शाम हल्की ठंड बनी रहेगी। कुल मिलाकर राज्य में ठंड अब धीरे-धीरे विदा ले रही है और आने वाले दिनों में मौसम शुष्क व हल्की गर्माहट भरा बना रहेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static