झारखंड के इस सरकारी स्कूल में भारी लापरवाही उजागर: निरीक्षण में स्कूल मिला पूरी तरह खाली, Mid-Day Meal भी बंद

Sunday, Apr 12, 2026-11:16 AM (IST)

Jamshedpur News: फतेहपुर प्रखंड के एक सरकारी स्कूल में लापरवाही का बड़ा मामला सामने आया है। औचक निरीक्षण के दौरान स्कूल पूरी तरह खाली मिला, जिससे शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

स्कूल में न कोई शिक्षक और न ही कोई छात्र
फतेहपुर प्रखंड के धसनियां शैक्षणिक अंचल में शुक्रवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) प्रेम कुमार दास ने उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, डुमरियाबांक का अचानक निरीक्षण किया। जब वे दोपहर करीब 11:35 बजे स्कूल पहुंचे, तो वहां का नजारा चौंकाने वाला था। स्कूल में न कोई शिक्षक मौजूद था और न ही कोई छात्र। कई कक्षाओं में ताले लगे हुए थे। एक कमरा खुला था, लेकिन उसमें भी डेस्क-बेंच खाली पड़े थे। मध्याह्न भोजन (MDM) योजना भी पूरी तरह बंद मिली। रसोईघर बंद था और न ही संयोजिका और न ही रसोइया मौजूद थे।

"बच्चों के भविष्य के साथ लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी"
इस स्थिति को गंभीर लापरवाही मानते हुए बीडीओ प्रेम कुमार दास ने सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि इस स्कूल के खिलाफ पहले भी शिकायतें मिल रही थीं। अब प्रधानाध्यापक और बीईईओ से तुरंत जवाब मांगा गया है और पूरी रिपोर्ट अधिकारियों को भेज दी गई है। बीडीओ ने साफ कहा कि सरकारी संसाधनों का गलत इस्तेमाल और बच्चों के भविष्य के साथ लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अब प्रखंड के सभी स्कूलों का नियमित निरीक्षण किया जाएगा। इस घटना के बाद स्थानीय अभिभावकों में भी काफी नाराजगी देखने को मिल रही है और स्कूलों की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static