जमीन कारोबारी की निर्मम हत्या, घर के अंदर खून से लथपथ मिला शव; इलाके में फैली सनसनी

Wednesday, Jul 22, 2026-01:21 PM (IST)

Jharkhand News: झारखंड की राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र में जमीन कारोबारी रमेश ठाकुर की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। बुधवार सुबह उनका शव कोकर स्थित खोरहा टोली में उनके घर के अंदर मिला। मृतक के सिर पर धारदार हथियार से वार किए जाने के गंभीर निशान मिले हैं। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त होने की आशंका वाला एक धारदार हथियार भी बरामद किया है। 

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, रमेश ठाकुर मूल रूप से कोकर की तपोवन कॉलोनी के रहने वाले थे। तपोवन से सटे खोरहा टोली में उनका एक मकान भी है, जहां वे इन दिनों अकेले रह रहे थे। मंगलवार देर रात अज्ञात अपराधी उनके घर में घुसे और सिर पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी फरार हो गए। बुधवार सुबह मकान में रहने वाले किरायेदारों ने घटना की जानकारी तपोवन कॉलोनी में रह रहे उनके परिजनों को दी। 

शव देख बदहवास हो गए परिजन
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। घर के अंदर खून से लथपथ रमेश ठाकुर का शव देखकर परिवार के लोग बदहवास हो गए। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी घटनास्थल पर जमा हो गए। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। शव के पास मिले धारदार हथियार को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि देर रात इलाके में आने-जाने वाले संदिग्ध लोगों की पहचान की जा सके। प्रारंभिक जांच में पुलिस जमीन कारोबार से जुड़े पुराने विवाद, रंजिश और अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल कर रही है। 

हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं
अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की उम्मीद है। फिलहाल सदर थाना पुलिस ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमाटर्म रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static