जमशेदपुर में अंधविश्वास ने दहला दिया दिल, तंत्र क्रिया के चक्कर में 20 वर्षीय युवक की ली जान; अब आरोपी सलाखों के पीछे
Tuesday, Sep 30, 2025-01:34 PM (IST)

जमशेदपुर (इंद्रजीत सिंह): झारखंड के जमशेदपुर शहर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 20 वर्षीय युवक की गला काटकर बड़ी बेरहमी से हत्या कर दी गई। आशंका जताई जा रही है कि तंत्र क्रिया के चक्कर में बलि ली गई है। फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव तथा दहशत का माहौल है। इस खौफनाक वारदात ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत गाढ़ाबासा सोमवार की मध्यरात्रि की है। मृतक शख्स की पहचान 20 वर्षीय युवक अजय बासा उर्फ झंटू के रुप में हुई है। आरोपी शख्स की पहचान संदीप कुमार के रुप में हुई है। बताया जा रहा है कि अजय बासा का शव गाढ़ाबासा के पास रहस्यमयी परिस्थितियों में पाया गया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने क्रूरता की हदें पार करते हुए अजय बासा का गला काटकर बड़ी बेरहमी से मार डाला। वारदात को अंजाम दे फरार हो गया। वहीं जब ग्रामीणों को घटना की भनक लगी तो उन्होंने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी संदीप जादू-टोना के काम में शामिल रहता था और उसी ने अजय को किसी तंत्र-मंत्र के के लिए मार डाला। बताया जा रहा है कि वह घर का इकलौता बेटा था।
इधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी संदीप को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि हत्या की वास्तविक वजह सामने आ सके।