जमशेदपुर में प्लास्टिक ग्लास फैक्ट्री में लगी भीषण आग! पूरे इलाके में दहशत, मौके पर पहुंचीं दमकल गाड़ियां
Tuesday, Sep 23, 2025-02:35 PM (IST)

जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर में प्लास्टिक ग्लास बनाने वाली फैक्ट्री में मंगलवार सुबह भीषण आग लग गई। वहीं इस आगलगी की घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मची हुई। लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है क्योंकि आग फैलने से पहले सभी कामगारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था।
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना जमशेदपुर के आदित्यपुर फेज-2 स्थित प्लास्टिक ग्लास बनाने वाली फैक्ट्री अंजनी प्लांट की है। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में अचानक आग लग गई, जिसके बाद चारों ओर हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने और राहत-बचाव का काम शुरू किया। आग पर 90 प्रतिशत काबू पा लिया गया है। आग इतनी भयंकर लगी कि लाखों का नुकसान होने की आशंका है। फिलहाल, आग लगन के कारणों की जांच की जा रही है। एसपी ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण बताया जा रहा है। हालांकि सटीक वजह का पता लगाने के लिए जांच जारी है। आदित्यपुर स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (एएसआईए) के अध्यक्ष इंदर अग्रवाल ने कहा कि आग सुबह लगी और इसने कीमती उपकरणों को नुकसान पहुंचाया।