Palamu में एक महिला ने खाया जहरीला पदार्थ तो दूसरी रहस्यमय परिस्थितियों में पाई गई मृत; दोनों की मौत

Friday, Oct 03, 2025-02:49 PM (IST)

पलामू: झारखंड के पलामू जिले में एक महिला की कथित रूप से जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई जबकि एक अन्य महिला रहस्यमय परिस्थितियों में मृत पाई गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

कथित तौर पर जहरीले पदार्थ के सेवन से जान गंवाने वाली महिला की पहचान पाटन पुलिस थाना के अंतर्गत आने वाले किशनपुर गांव की निवासी रूपा देवी (25 वर्ष) के रूप में हुई है। उप-मंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) मणि भूषण प्रसाद ने कहा कि, "तुम्बगढ़ा के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। प्रारंभिक जांच के अनुसार ससुराल वाले आए दिन छोटी-छोटी बातों पर पीड़िता को परेशान करते थे और उसके साथ मारपीट करते थे, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया।" उन्होंने कहा कि पाटन पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया है। अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। शव को मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

इस बीच, लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के संगबार गांव में बुधवार को 35 वर्षीय एक महिला का शव उसके घर में रहस्यमय परिस्थिति में मिला। मृतका की पहचान लाखो देवी के रूप में हुई है। वह अपने घर में मृत पाई गई। लेस्लीगंज के एसडीपीओ मनोज कुमार झा ने कहा "पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला लग रहा है। पीड़ित के शव को पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेजा गया है। हम उसकी अंत्य परीक्षण रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। लेस्लीगंज पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।"


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static