Maiyaan Samman Yojana: पलामू की महिलाओं को मिलेगा Durga Puja का गिफ्ट, खाते में एक साथ आएंगे 5 हजार
Friday, Sep 26, 2025-06:19 PM (IST)

पलामू: दुर्गा पूजा के अवसर पर झारखंड सरकार की मंईयां सम्मान योजना के तहत पलामू के 3,50,993 महिलाओं के बैंक खातों में आज से 5,000 की राशि भेजी जाएगी। वहीं सरकार ने इस राशि को शनिवार तक सभी लाभुकों के खातों में ट्रांसफर करने का लक्ष्य रखा है।
यह राशि अगस्त और सितंबर के महीने की है। पलामू सामाजिक सुरक्षा विभाग के सहायक निदेशक नीरज कुमार ने इसकी पुष्टि की है। बता दें कि मंईयां सम्मान योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक सहायता देने का यह सिलसिला पिछले कई महीनों से जारी है। जुलाई महीने में भी लगभग 3,48,291 महिलाओं के खातों में राशि भेजी गई थी, लेकिन तब से नई राशि का आवंटन नहीं हो पा रहा था। इसलिए कई महिलाओं को पैसे मिलने में देर हो रही थी।
नवरात्रि पर यह राहत राशि मिलने से महिलाएं उत्साहित हैं और सरकार की इस पहल की प्रशंसा कर रही हैं। इस योजना के तहत प्रत्येक लाभुक महिला को सीधे उनके बैंक खाते में 5,000 भेजे जाएंगे। अप्रैल, मई, जून और जुलाई की राशि भी पहले ही संबंधित महीनों के अनुसार भेजी जा चुकी है। सामाजिक सुरक्षा विभाग ने लाभुकों के डेटा को अपडेट कर लिया है और राशि का भुगतान शुरू कर दिया है।