प्रधानमंत्री मोदी का RJD पर तीखा हमला, कहा- ''बिहार की महिलाओं को बहुत तकलीफ...''
Friday, Sep 26, 2025-01:29 PM (IST)

पटना: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को राष्ट्रीय जनता दल (RJD) पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उसके शासन में बिहार की महिलाओं को बहुत तकलीफ सहना पड़ा। साथ ही, उन्होंने महिलाओं से यह सुनिश्चित करने का आह्वान किया कि लालू प्रसाद के नेतृत्व वाली पार्टी और उसके सहयोगी इस राज्य में कभी सत्ता में न लौटें।
"सड़कें नहीं थीं, कानून-व्यवस्था बेहद खराब थी.."
प्रधानमंत्री मोदी दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना' की शुरुआत करने के बाद बिहार की महिलाओं को ऑनलाइन संबोधित कर रहे थे। इस योजना के तहत राज्य की 75 लाख महिलाओं को आजीविका गतिविधियों के लिए 10-10 हजार रुपए दिए गए। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘राजद के शासन में बिहार की महिलाओं को बहुत तकलीफ सहना पड़ा... सड़कें नहीं थीं, कानून-व्यवस्था बेहद खराब थी... लेकिन अब नीतीश कुमार की सरकार में महिलाएं सुरक्षित महसूस करती हैं क्योंकि कानून का राज कायम है। इसलिए, उन्हें यह सुनिश्चित करना होगा कि राजद और उसके सहयोगी कभी सत्ता में न लौटें।''
"राज्य में देश में सबसे अधिक ‘लखपति दीदी' होंगी"
बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार द्वारा महिला सशक्तीकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों पर बल देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि जल्द ही राज्य में देश में सबसे अधिक ‘लखपति दीदी' होंगी। उन्होंने बताया कि इस योजना की 75 लाख लाभार्थियों को अतिरिक्त दो लाख रुपये तक की सहायता और उद्यमिता कौशल में सुधार के लिए प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘आज आपके दो भाई, नीतीश और मोदी मिलकर आपकी समृद्धि और स्वाभिमान के लिए लगातार काम कर रहे हैं। आज का यह कार्यक्रम भी इसी का उदाहरण है।''