"घुसपैठियों के कारण भारतीय एवं बिहारी नौकरी एवं अनुदान से हो रहे वंचित", विजय सिन्हा का RJD-कांग्रेस पर तीखा हमला, कहा- इनके पास...
Friday, Sep 19, 2025-12:20 PM (IST)

Bihar Politics: बिहार के उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता विजय कुमार सिन्हा (Vijay Kumar Sinha) ने गुरुवार को कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और कांग्रेस (Congress) जैसी पार्टियां अवैध घुसपैठियों के बचाव में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का विरोध कर रही है, क्योंकि उन्हें ये अपना वोट बैंक समझती है।
सिन्हा ने बयान जारी कर कहा कि एसआईआर के मुद्दे की विपक्षी दलों द्वारा बेवजह चर्चा की जा रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है और उसका कर्तव्य है कि मतदाता सूची में कोई त्रुटिपूर्ण नाम अंकित न रहे। उपमुख्यमंत्री सिन्हा ने कहा कि घुसपैठियों के कारण मूल भारतीय एवं बिहारी नौकरी एवं सरकारी अनुदान से वंचित हो रहे है। सिन्हा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्र प्रथम के विचारधारा के साथ कार्य करती है। केन्द्र एवं सरकार द्वारा चलाई जा रही विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ घुसपैठियों तक नही पहुंचे, इसके लिए भी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार प्रतिबद्ध है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राजद एवं कांग्रेस के पास विकास का कोई मुद्दा नहीं है। दोनों ही पार्टियों के युवराज अपनी पारिवारिक राजनीति बचाने के लिए बेचैन है। बिहार की जनता सब देख रही है और दोनों नेताओं के इरादे सफल नहीं होगें। आगामी विधानसभा चुनाव में राजग बिहार की जनता के आर्शीवाद से विशाल जीत प्राप्त करेगी।