"CM नीतीश पर निरर्थक टिप्पणी कर अपनी वेदना छुपा रहे...", मल्लिकार्जुन खड़गे पर भड़के विजय सिन्हा, बोले- डबल इंजन सरकार की...

Thursday, Sep 25, 2025-11:06 AM (IST)

Bihar Politics: बिहार के उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता विजय कुमार सिन्हा (Vijay Kumar Sinha) ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) को ‘मानसिक रूप से रिटायर' कहते हुए अपनी वेदना छुपा रहे है। सिन्हा ने कहा कि नीतीश कुमार पर खड़गे की निरर्थक टिप्पणी उनकी अपनी वेदना को बता रही हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार कांग्रेस ने उन्हें कर्नाटक की राजनीति से पूरी तरह बेदखल करते हुए ‘रबड़ स्टाम्प' अध्यक्ष बना दिया है, उससे वे बेहद दु:खी और लाचार महसूस करते हैं। उन्होंने कहा कि खड़गे अध्यक्ष तो हैं लेकिन कांग्रेस में आज भी निर्णय गांधी परिवार के लोग ही लेते हैं।

भाजपा नेता ने कहा कि राजद और कांग्रेस की संस्कृति ‘एक खास परिवार' की ताकत है और पार्टी में बाहर के लोगों को इस्तेमाल करके त्याग देने की परंपरा है। देश के लोग आज भी नहीं भूले हैं कि किस प्रकार बिहार के ही पिछड़े समाज से आने वाले सीताराम केसरी को अध्यक्ष रहते हुए सोनिया गांधी के इशारे पर कांग्रेस मुख्यालय से बेइज्जत करके बाहर निकाल दिया गया था। इसी तरह देश के पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव के पार्थिव शरीर को कांग्रेस मुख्यालय में ले जाने तक से मना कर दिया गया था। खड़गे जी भी शायद अपने लिए कुछ उसी तरह का खतरा महसूस कर रहे होंगे।

आगामी विधानसभा चुनाव के बाद ऐसे लोगों की राजनीतिक प्रासंगिकता खत्म हो जाएगी- Vijay Sinha
सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस-राजद के लोग पीएम मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबधन (राजग) की डबल इंजन सरकार की लोकप्रियता को देखकर घबराहट में हैं। उन्हें पता है कि आगामी विधानसभा चुनाव के बाद ऐसे लोगों की राजनीतिक प्रासंगिकता खत्म हो जाएगी। उन्होंने कहा कि राजग की सभी पांचों पाटिर्यां कुमार के साथ पूरी एकजुटता के साथ खड़ी है और आगमी चुनाव में विजय पथ पर आगे बढ़ रही हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News

static