सावन के दूसरे सोमवार को गंगा नदी में उमड़ी भीड़, भक्तों ने किया भगवान शिव का जलाभिषेक
Monday, Jul 25, 2022-11:41 AM (IST)

पटनाः इस समय भगवान भोलेनाथ का प्रिय महीना सावन चल रहा है। ऐसे में पूरा बिहार शिवमय दिखाई दे रहा है। आज सावन का दूसरा सोमवार है। शिव भक्तों ने पटना के गंगा नदी किनारे पर डुबकी लगाकर जय भोलेनाथ का जयकारा लगाया। साथ ही भगवान शिव का जलाभिषेक भी किया।
सावन के दूसरे सोमवार के दिन गंगा नदी पर भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिरों में जय भोलेनाथ के मंत्र गूंज रहे हैं। भक्तों ने गंगा में स्नान करने के बाद भगवान से आशीर्वाद प्राप्त किया। पुरोहित जी का कहना है कि आज के दिन भगवान शिव और पार्वती की पूजा करने पर पारिवारिक जीवन सुखमय एवं धन धान्य की पूर्ति होती है।
बता दें कि गंगा का जलस्तर बढ़ गया है। ऐसे में गंगा नदी में नाव पर क्षमता से ज्यादा सवारी को देखा गया। इससे अप्रिय घटना होने की भी संभावना है। प्रशासन लगभग नहीं के बराबर गंगा नदी के किनारे दिखाई दिया। अभी आने वाले समय में गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर होने की संभावना है और शिवभक्त नदी में नहाने आते हैं। इसको लेकर प्रशासन को जागरूक होने की जरूरत है।