Warisaliganj Seat: वारिसलीगंज विधानसभा सीट पर क्या बीजेपी को हरा पाएंगे तेजस्वी यादव?II Bihar Election 2025
Tuesday, Sep 30, 2025-05:37 PM (IST)
Warisaliganj Assembly Seat: वारसलीगंज विधानसभा सीट नवादा जिले में स्थित है। यह विधानसभा क्षेत्र नवादा लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आता है। इस सीट पर पहली बार 1951 में चुनाव हुआ था। इस चुनाव में कांग्रेस के चेतुराम ने जीत हासिल की थी। चेतु राम इस सीट पर 1959 तक काबिज रहे थे। 1959 में हुए चुनाव में कांग्रेस के ही राम किशुन इस सीट पर काबिज हुए थे। राम किशुन इस सीट पर 1967 तक विधायक रहे थे। 1967 में हुए चुनाव में पहली बार कांग्रेस को इस सीट पर मुंह की खानी पड़ी और सीपीआई के देव नंदन प्रसाद यहां से विधायक बने। देव नंदन प्रसाद 1969 में हुए चुनाव में भी विजयी रहे थे। 1972 में हुए चुनाव में एन.सी.ओ के श्याम सुंदर सिंह यहां से विधायक बने थे।
1977 में हुए चुनाव में जे.एन.पी. के राम रतन सिंह इस सीट से चुनाव जीते थे। इसके बाद 1980 और 1985 में हुए विधानसभा सीट पर कांग्रेस को दोबारा सफलता मिली और बंदी शंकर सिंह यहां से विधायक बने थे लेकिन 1990 में हुए चुनाव में सीपीआई के देव नंदन प्रसाद ने कांग्रेस को फिर पटखनी दे दी थी। इसके बाद 1995 में हुए चुनाव में कांग्रेस के रामाश्रय प्रसाद विधायक बने थे। इसके बाद 2000 और 2005 में यह सीट निर्दलीयों के खाते में रही और क्रमश: अरुणा देवी और प्रदीप कुमार विधायक बने थे लेकिन 2010 के विधानसभा चुनाव से पहले प्रदीप जेडीयू में शामिल हो गए और इस सीट पर पहली बार जेडीयू का परचम लहराया था लेकिन 2015 और 2020 के चुनाव में अरुणा देवी ने बीजेपी की टिकट पर यहां से भगवा परचम बुलंद किया था।
एक नजर 2020 विधानसभा चुनाव के नतीजों पर
वहीं 2020 के चुनाव में वारसलीगंज सीट पर बीजेपी के टिकट पर अरुणा देवी ने जीत हासिल की थी। अरुणा देवी को 62 हजार चार सौ 51 वोट मिला था जबकि दूसरे नंबर पर रहे कांग्रेस उम्मीदवार सतीश कुमार को 53 हजार चार सौ 21 वोट मिला था। इस तरह से अरुणा देवी ने सतीश कुमार को 9 हजार तीस वोट के अंतर से हरा दिया था। वहीं निर्दलीय उम्मीदवार आरती सिन्हा को 39 हजार तीन सौ 63 वोट लाकर तीसरे स्थान पर रहीं थीं।
एक नजर 2015 विधानसभा चुनाव के नतीजों पर
वहीं 2015 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी की टिकट पर अरुणा देवी ने जीत हासिल की थी। अरुणा देवी को कुल 85 हजार नौ सौ 12 वोट मिला था। दूसरे नंबर पर रहे जेडीयू के प्रदीप कुमार को कुल 66 हजार तीन सौ 14 वोट मिला था जबकि तीसरे नंबर पर रहे नोटा को 4 हजार आठ सौ 51 वोट मिला था।
विधानसभा चुनाव 2010 के नतीजे
वहीं 2010 में हुए विधानसभा चुनाव में वारसलीगंज से जेडीयू के प्रदीप कुमार ने जीत हासिल की थी। प्रदीप कुमार को 42 हजार तीन सौ 81 वोट मिला था जबकि दूसरे स्थान पर कांग्रेस उम्मीदवार अरुणा देवी को 36 हजार नौ सौ 52 वोट मिला था। वहीं तीसरे स्थान पर एलजेपी के अंजनी कुमार को कुल 11 हजार एक सौ 81 वोट मिला था।
विधानसभा चुनाव 2005 के नतीजे
वहीं 2005 में हुए विधानसभा चुनाव में वारिसलीगंज में निर्दलीय उम्मीदवार प्रदीप कुमार ने जीत हासिल की थी। प्रदीप कुमार को 37 हजार चार सौ छह वोट मिला था जबकि दूसरे नंबर पर रहे कांग्रेस की अरुणा देवी को कुल 36 हजार आठ सौ 51 वोट मिला था। वहीं तीसरे स्थान पर रहे जेडीयू के अजय कुमार रविकांत को कुल 3 हजार चार सौ 78 वोट मिला था।
2024 के लोकसभा चुनाव में वारिसलीगंज विधानसभा सीट पर बीजेपी ने आरजेडी पर 14 हजार छह सौ 31 वोट की लीड बनाई थी। जातीय समीकरण की बात करें तो यादव, भूमिहार, कुर्मी, मुस्लिम, रविदास और पासवान जैसी जातियों का वारसलीगंज में प्रभाव है। अगर 2024 के लोकसभा चुनाव में मिली बढ़त को बीजेपी ने कायम रखा तो फिर यहां से बीजेपी को जीत मिल सकती है।
सबसे ज्यादा पढ़े गए
Related News
Belhar Assembly Seat: बेलहर विधानसभा सीट पर क्या तेजस्वी यादव कर पाएंगे कब्जा?।। Bihar Election 2025
