रक्षाबंधन मनाकर घर लौट रहे देवर-भाभी के साथ भयानक हादसा, तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर...दोनों की दर्दनाक मौत; मची चीख-पुकार
Sunday, Aug 10, 2025-12:06 PM (IST)

Kaimur Road Accident: बिहार के कैमूर जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां पर एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार देवर-भाभी को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों की दर्दनाक मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि महिला अपने देवर के साथ रक्षाबंधन मना कर घर लौट रही थी, तभी यह हादसा हुआ।
जानकारी के मुताबिक, घटना जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र के कर्मनाशा चांद नहर की है। मृतकों की पहचान भुल्लन राय के बेटे ऋषिकेश राय (24) और उनकी बहू लक्ष्मीना देवी (30) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रक्षाबंधन के दिन लक्ष्मीना देवी अपने देवर को लेकर अपने मायके राखी बांधने गई थीं। वहां से लौटने के दौरान कर्मनाशा चांद नहर पर एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार देवर-भाभी को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों नहर में गिर गए। आनन-फानन में स्थानीय लोगों द्वारा दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित तक दिया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। वहीं इस घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। यह दर्दनाक घटना रक्षाबंधन जैसे पारिवारिक त्यौहार के दिन हुई, जिसने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है।