दुमका में खदान मालिक से 50 लाख की रंगदारी मांगने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल फोन भी जब्त
Wednesday, Oct 01, 2025-11:55 AM (IST)

दुमका: झारखंड के दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र में पत्थर खदान मालिक से पचास लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खैरवार के निर्देश पर गठित विशेष छापामारी दल ने यह कार्रवाई की। आरोपियों के पास से अपराध में प्रयुक्त तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटना 23 सितंबर की है, जब अज्ञात अपराधियों ने शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के पत्थर खदान मालिक राम सोरेन से रंगदारी के रूप में 50 लाख रुपये की मांग की थी। धमकी दी गई थी कि पैसे नहीं देने पर उन्हें गोली मार दी जाएगी। इसके बाद खदान मालिक ने शिकारीपाड़ा थाना में इसकी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में बीएनएस की धारा 308 (5) के तहत सं0-107/2025 दर्ज किया और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी खैरवार ने सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विजय कुमार महतो के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया। टीम ने तकनीकी इनपुट और खुफिया जानकारी के आधार पर छापामारी करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में बड़का मुर्मू (27 वर्ष, पिता सनातन मुर्मू, निवासी शिमला, पो0-ढाका), लखीराम मुर्मू उफर् बाबु कुड़ा उफर् हुक्कु (33 वर्ष, पिता रामे मुर्मू) और जोसेफ हेम्ब्रम उफर् ताला उफर् दारोगा (30 वर्ष, पिता बब्लू हेम्ब्रम, दोनों निवासी भोक्तानडीह, खाडुकदमा) शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में खदान मालिक से रंगदारी मांगने और धमकी देने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने रंगदारी मांगने में इस्तेमाल किए गए तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस तरह के अपराध में शामिल व्यक्तियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और दुमका में भय व आतंक फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पत्थर खदान व्यवसायियों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस छापामारी टीम में एसडीपीओ विजय कुमार महतो के अलावा शिकारीपाड़ा थाना के सहायक अवर निरीक्षक सोमाई किस्कु, आ0/59 अमित कुमार और थाना रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।