मंत्री सुदिव्य सोनू और इरफान अंसारी के बीच नोकझोंक का मामला सुलझा, बोले- हमारी लड़ाई BJP के साथ है

Saturday, Mar 22, 2025-06:08 PM (IST)

रांची: झारखंड के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर इरफान अंसारी के बीच बीते शुक्रवार को झारखंड विधानसभा में हुई नोकझोंक का मामला पूरी तरह समाप्त हो चुका है। दोनों मंत्रियों ने आज स्पष्ट किया कि उनके बीच अब किसी भी प्रकार का विवाद नहीं है।

दोनों मंत्रियों ने कहा कि सदन में बहस और तकरार होना स्वाभाविक प्रक्रिया है और इसे सार्वजनिक मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए, क्योंकि यह सदन के भीतर का मामला है। दोनों मंत्रियों ने एकजुटता दिखाते हुए कहा कि उनकी लड़ाई आपसी नहीं, बल्कि भाजपा के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि अब उनका पूरा ध्यान राज्य के विकास पर केंद्रित है। मंत्रियों ने यह भी दोहराया कि उनके बीच कोई मतभेद नहीं है और वे मिलकर राज्य से भाजपा का सफाया करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

बता दें कि बीते शुक्रवार को सदन में नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर इरफान अंसारी आपस में भिड़ गए थे। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी और नगर विकास मंत्री सुदिव्य सोनू के बीच हुई बहस से सदन का माहौल गर्म हो गया। कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव की ओर से गोड्डा में नर्सिंग कॉलेज के मुद्दे पर सवाल-जवाब के दौरान दोनों मंत्रियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। इरफान अंसारी ने सुदिव्य सोनू की एक टिप्पणी पर जवाब देते हुए कहा कि वे बहुत जानकार हो गए हैं, इस कारण वह हर बात पर फुदकने लगते हैं। इस पर सुदिव्य कुमार सोनू ने भी जवाब देने की कोशिश की। वहीं विधायक प्रदीप यादव ने सुदिव्य सोनू का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि वे संसदीय कार्य की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static