इरफान अंसारी ने नवनियुक्त चिकित्सकों को बांटा नियुक्ति पत्र, कहा- ''स्वास्थ्य झारखंड सुखी झारखंड'' को पूरा करने का प्रयास किया जा रहा
Thursday, Mar 13, 2025-10:44 AM (IST)

रांची: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने नवनियुक्त चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र सौंपा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सोच 'स्वास्थ्य झारखंड सुखी झारखंड' को पूरा करने का प्रयास स्वास्थ्य विभाग कर रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में झारखंड में स्वास्थ्य के क्षेत्र में काफी बदलाव देखने को मिलेगा। रिम्स में मरीजों के दबाव को कम करने के लिए बहुत जल्द ही 5 सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल की स्थापना करने जा रहे हैं। झारखंड में डॉक्टर्स की कमी को पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है, इसी क्रम में डॉक्टर्स को नियुक्ति पत्र दिया जा रहा है। इससे पहले भी सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों को भी नियुक्ति पत्र दिया गया था। जल्द ही स्वास्थ्य विभाग में 10 हज़ार से अधिक बहाली की जाएगी। रिटायर डॉक्टर्स से भी सेवायें ली जाएगी।
"सरकार स्वास्थ्य विभाग में बहुत जल्द बंपर बहाली निकालने जा रही"
डॉ इरफान अंसारी ने बीते बुधवार को नामकुम स्थित आईपीएच सभागार में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत नवनियुक्त विशेषज्ञ चिकित्सा पदाधिकारी, चिकित्सा पदाधिकारी, दंत चिकित्सक और ओटी टेक्निशियन के नियुक्ति पत्र वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने नवनियुक्त चिकित्सकों को बधाई दी। साथ ही कहा कि मुख्यमंत्री ने भी उन्हें शुभकामनाएं दी है। झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर एक नई उम्मीद जगी है, क्योंकि सरकार अब इसे और मजबूत करने के प्रयास में जुट गई है। मुख्यमंत्री का सपना है कि राज्य के हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें। हाल ही में मंत्री बनने के बाद, स्वास्थ्य विभाग में नई योजनाओं पर तेजी से काम होने की उम्मीद है। डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को बेहतर संसाधन और सुविधाएं देने की दिशा में पहल की जा रही है, जिससे चिकित्सा क्षेत्र में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। इसके अलावा, सरकार स्वास्थ्य विभाग में बहुत जल्द बंपर बहाली निकालने जा रही है, जिससे न केवल चिकित्सा सेवाएं बेहतर होंगी, बल्कि झारखंड के युवाओं को भी रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। जनता को बेहतर इलाज और आधुनिक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार गंभीरता से प्रयासरत है।
"झारखंड को स्वास्थ्य के क्षेत्र में बहुत आगे तक लेकर जाएंगे"
डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि नवनियुक्त चिकित्सकों की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। अब आप जनता के बीच जाकर अपनी सेवाएं देंगे। अपनी क्षमता से समाज को एक खूबसूरत दिशा देने का प्रयास करेंगे। आपकी पोस्टिंग विभिन्न अस्पतालों में होगी, आपका प्रयास होना चाहिए कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिले। चिकित्सक मरीजों की जान बचाने का काम करते हैं इसलिए हमें उनका मनोबल भी बढ़ाने का काम करना होगा। उन्होंने कहा कि मैं आपके साथ हूं हम लोग कदम से कदम मिलाकर चलेंगे और झारखंड को स्वास्थ्य के क्षेत्र में बहुत आगे तक लेकर जाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य को बहुत जल्द कई मेडिकल कॉलेज भी देने जा रहे हैं। साथ ही साथ मेडिकल सीटें भी बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। हर पंचायत में हेल्थ कॉटेज बनाने की व्यवस्था करने जा रहे हैं। एआई टेक्नोलॉजी के तहत इलाज की व्यवस्था की जाएगी। जल्द ही रोबोटिक टेक्नोलॉजी के माध्यम से इलाज की व्यवस्था की जाएगी। 108 एम्बुलेंस का विस्तार करने जा रहे हैं साथ ही रिमोट एरिया में बाइक एम्बुलेंस की व्यवस्था करने जा रहे हैं। डॉ अंसारी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रयास से झारखंड के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देना का प्रयास किया जा रहा है। इसी के तहत राज्य में आम लोगों के लिए एयर एम्बुलेंस की सेवा शुरू की गई थी। इस सुविधा के माध्यम से हजारों लोगों की जान बचाने का काम किया गया। इसी के तर्ज पर प्रत्येक जिले में हेलीकॉप्टर एम्बुलेंस सेवा देने पर विचार किया जा रहा है।