झारखंड विधानसभा में उठा आश्रम दोहरा हत्याकांड का मुद्दा, BJP विधायक नवीन जायसवाल बोले- झारखंड में साधु भी सुरक्षित नहीं

Friday, Mar 07, 2025-05:41 PM (IST)

रांची: झारखंड भाजपा विधायक नवीन जायसवाल ने विधानसभा में रांची के हालिया दोहरे हत्याकांड का मामला उठाया और आरोप लगाया कि झारखंड में साधु भी सुरक्षित नहीं हैं। वहीं, सरकार ने उन्हें आश्वासन दिया कि अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

"झारखंड में साधु भी सुरक्षित नहीं"

रांची के चान्हो प्रखंड स्थित आनंद मार्ग आश्रम में बुधवार रात कुछ हमलावरों ने साधु मुकेश शाह और राजेंद्र यादव नामक एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। हटिया विधायक ने कहा कि हमलावर आश्रम में घुसे और दोनों की गोली मारकर हत्या कर दी। जायसवाल ने कहा, ‘‘यह महज लूट का मामला नहीं हो सकता, क्योंकि आश्रम में ज्यादा संपत्ति नहीं है। इसका मकसद कुछ और है। झारखंड में साधु भी सुरक्षित नहीं हैं, लेकिन सरकार चुप है।'' भाजपा विधायक को जवाब देते हुए संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने कहा कि घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सदन को बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोहरे हत्याकांड के सिलसिले में 4 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। किशोर ने कहा, ‘‘दो अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं। मैं इस मामले में रांची एसएसपी से और जानकारी लूंगा। इस घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।'' भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की झारखंड इकाई के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी घटना की आलोचना की। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर पोस्ट किया, ‘‘झारखंड में रांची के चान्हो स्थित आनंद मार्ग आश्रम में लूटपाट और साधु की हत्या की घटना राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन की विफलता को दर्शाती है। आश्रमों और धार्मिक स्थलों को सुरक्षित रखना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए, लेकिन इस घटना ने यह साफ कर दिया कि कानून-व्यवस्था चरमरा चुकी है। अपराधी आश्रम के अंदर घुसकर न केवल लूटपाट करते हैं, बल्कि एक साधु और ग्रामीण की हत्या करके फरार हो जाते हैं।''

"हेमंत सरकार इन घटनाओं को रोकने में असफल रही"
 
मरांडी ने कहा, ‘‘झारखंड में धार्मिक स्थलों पर लगातार हमले हो रहे हैं, लेकिन सरकार इन घटनाओं को रोकने में असफल रही है। यदि जल्द ही सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो जनता का इस सरकार से भरोसा उठ जाएगा।'' इससे पहले, कांग्रेस विधायक रामेश्वर उरांव ने सदन का ध्यान रांची के सिरम टोली इलाके में एक निर्माणाधीन फ्लाईओवर को लेकर आदिवासियों के विरोध की ओर आकर्षित किया। यह फ्लाईओवर कथित तौर पर एक आदिवासी धार्मिक स्थल सरना स्थल के बगल में बनाया जा रहा है। किशोर ने विधानसभा अध्यक्ष से आंदोलनकारियों की मांग का आकलन करने के लिए सदस्यों की एक टीम गठित करने का आग्रह किया। सरना स्थल के बगल में बन रहे फ्लाईओवर के रैंप को हटाने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में लोगों ने रांची में मानव श्रृंखला बनायी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static