BJP विधायकों ने कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर सदन में किया हंगामा, मरांडी बोले- हेमंत है तो अपराधियों में हिम्मत है
Monday, Mar 10, 2025-05:19 PM (IST)

रांची: झारखंड में विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों ने सोमवार को विधानसभा में राज्य में ‘‘बिगड़ती'' कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर हंगामा किया।
"हेमंत है तो अपराधियों में हिम्मत है"
इस मुद्दे पर चर्चा की मांग को लेकर भाजपा विधायकों ने नारेबाजी की और सभी भाजपा विधायक इस मुद्दे को लेकर नारेबाजी करते हुए वेल में चले गए। विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने सदन में कहा, ‘‘झारखंड में कानून व्यवस्था चरमरा गई है। रांची में एक कोयला व्यापारी को गोली मार दी गई, फिर एक साधु समेत दो लोगों की हत्या कर दी गई। रविवार को एनटीपीसी के एक अधिकारी की भी हत्या कर दी गई।'' उन्होंने झामुमो के स्लोगन पर तंज कसते हुए कहा कि उनकी पार्टी के लोग हेमंत है तो हिम्मत है का नारा देते हैं, लेकिन उन्हें तो लगता है ” हेमंत है तो अपराधियों में हिम्मत है।
हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने सदन की कार्यवाही अपराह्न 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर भाजपा विधायक सी.पी. सिंह ने फिर से राज्य में कानून व्यवस्था का मुद्दा उठाया और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नीत गठबंधन सरकार से जवाब मांगा। इस बीच, ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान जनता दल (यूनाइटेड) के विधायक सरयू राय ने जमशेदपुर को औद्योगिक शहर घोषित करने के राज्य सरकार के फैसले पर सवाल उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कदम नगर नगर निकाय अधिनियम का उल्लंघन है। महतो ने विपक्षी सदस्यों से सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से संचालित करने में सहयोग का आग्रह किया, जिसके बाद प्रश्नकाल शुरू हुआ।