रामगढ़ पुलिस ने जेसी ज्वेलर्स लूटकांड का किया खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह के 4 अपराधी गिरफ्तार

Wednesday, Sep 24, 2025-05:34 PM (IST)

रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले में हुए जेसी ज्वेलर्स लूटकांड मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के चार कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है, जो लंबे समय से झारखंड और बिहार के कई जिलों में डकैतियों को अंजाम दे रहे थे।

गिरफ्तार अपराधियों की पहचान रूपेश विश्वकर्मा, धीरज मिश्रा, राहुल यादव और सौरभ राम के रूप में हुई है। मौके से अवैध हथियार और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। रामगढ़ एसपी अजय कुमार ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी कि बीते सात सितम्बर को गोलपार स्थित जेसी ज्वेलर्स में 5-6 अपराधियों ने पिस्टल के बल पर लूट को अंजाम दिया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम का गठन किया गया। इस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और 1000 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर लगातार छापेमारी की। एसपी ने बताया कि जांच के दौरान गुप्त सूचना मिली कि उक्त गिरोह बोकारो (चास) के गोबरदाहा हुहुवा इलाके में एक और ज्वेलरी दुकान में लूट की योजना बना रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन चार को मौके पर ही दबोच लिया गया, जबकि एक आरोपी बाइक से फरार हो गया।

पूछताछ में गिरफ्तार अपराधियों ने रामगढ़ लूटकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक यह गिरोह पिछले 15 वर्षों से सक्रिय है और अब तक कई बड़ी वारदातों को अंजाम दे चुका है। गिरोह का लक्ष्य हमेशा बड़े ज्वेलरी होलसेलर और व्यापारी होते थे। इनके इतिहास में कई गंभीर घटनाएं दर्ज हैं। वर्ष 2021 में कोडरमा घाटी से एक स्वर्ण व्यवसायी का अपहरण कर करोड़ों रुपये का सोना, 56 किलो चांदी और नकदी लूट ली गई थी। वहीं 2018 में औरंगाबाद के एक ज्वेलरी शॉप से 40 लाख रुपये से अधिक के सोने के जेवर लूटे गए थे। इसके अलावा 2021 में रांची के धुर्वा में जिला पार्षद बैद्य प्रकाश सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसका मुख्य आरोपी धीरज मिश्रा ही था। रामगढ़ पुलिस ने कहा कि फरार अपराधी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static