रांची पुलिस ने चेन छिनतई गिरोह का किया भंडाफोड़, 2 लोगों को किया गिरफ्तार

Sunday, Sep 14, 2025-05:40 PM (IST)

रांची: झारखंड की राजधानी रांची में पुलिस ने लगातार बढ़ रही चेन छिनतई की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस दौरान पुलिस ने गिरोह के सरगना असरुद्दीन अंसारी और उसके सहयोगी पप्पू कुमार को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने दोनों के पास से करीब 30.08 ग्राम सोने के आभूषण और नकदी बरामद की है। पुलिस जांच में सामने आया कि असरुद्दीन अंसारी लंबे समय से राजधानी में चेन छिनतई की वारदातों को अंजाम दे रहा था। पूछताछ में उसने यह स्वीकार किया कि उसने अब तक रांची के कई इलाकों में 12 से 14 चेन स्नेचिंग की घटनाएं की हैं। हाल ही में, 11 सितंबर को चुटिया थाना क्षेत्र में एक महिला से सोने की चेन छीनने का जिम्मेदार भी वही था। गिरफ्तार दूसरा आरोपी पप्पू कुमार, पेशे से सुनार है। वह छीने गए सोने के आभूषणों को खरीदकर उन्हें खपाने का काम करता था।

पुलिस ने उसकी दुकान पर छापेमारी कर चोरी के सोने की चेन सहित कई आभूषण जब्त किए। यह कार्रवाई एसएसपी चंदन सिन्हा के निर्देश पर बनी विशेष टीम ने की। टीम ने तकनीकी सहायता और इलाके के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की और उन्हें दबोचा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरफ्तारी से चेन स्नैचिंग की घटनाओं पर अंकुश लगेगा और आगे भी इस तरह की वारदातों पर सख्त कारर्वाई जारी रहेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static