Jharkhand JAC Exam 2026: निकाय चुनाव को लेकर JAC का बड़ा फैसला, अब 23 को नहीं बल्कि इस दिन होगी इंटर परीक्षा

Wednesday, Feb 11, 2026-12:43 PM (IST)

Jharkhand JAC Exam 2026: राज्य में होने वाले नगर निकाय चुनाव को ध्यान में रखते हुए झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने फरवरी में होने वाली कई परीक्षाओं की तारीखों में बदलाव कर दिया है। चुनाव के कारण इंटरमीडिएट, 11वीं, 8वीं और 9वीं कक्षा की परीक्षाएं अब नई तिथियों पर आयोजित होंगी। इस संबंध में जैक ने सभी स्कूलों और कॉलेजों को आधिकारिक सूचना जारी कर दी है।

24 फरवरी को होगी परीक्षा
निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 23 फरवरी को नगर निकाय चुनाव के लिए मतदान और 27 फरवरी को मतगणना होगी। इसी वजह से 23 फरवरी को होने वाली इंटरमीडिएट की हिंदी विषय की परीक्षा को एक दिन आगे बढ़ाकर 24 फरवरी कर दिया गया है। यह परीक्षा दूसरी पाली में दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी।

मैट्रिक परीक्षा 17 फरवरी को समाप्त
11वीं कक्षा की परीक्षा अब 25, 26 और 28 फरवरी को आयोजित की जाएगी। विज्ञान और वाणिज्य संकाय की परीक्षाएं सुबह की पाली में होंगी, जबकि कला संकाय की परीक्षा दूसरी पाली में ली जाएगी। वहीं, 8वीं कक्षा की परीक्षा 2 मार्च को दो पालियों में होगी। 9वीं कक्षा की परीक्षा 6 और 7 मार्च को आयोजित की जाएगी। जैक ने साफ किया है कि मैट्रिक परीक्षा 17 फरवरी को ही समाप्त हो रही है, इसलिए नगर निकाय चुनाव का मैट्रिक परीक्षा पर कोई असर नहीं पड़ेगा और इसके कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

बता दें कि चुनाव और परीक्षा एक साथ होने को लेकर पहले छात्रों और अभिभावकों ने चिंता जताई थी। उनका कहना था कि मतदान और मतगणना के दौरान स्कूल भवन और शिक्षक चुनाव कार्य में व्यस्त रहेंगे, जिससे परीक्षा प्रभावित हो सकती है। अब परीक्षा तिथियों में बदलाव होने से छात्रों और अभिभावकों को राहत मिली है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static