असम चुनाव: कल्पना सोरेन के बाद अब CM हेमंत को चुनाव प्रचार करने के लिए रोका गया, फिर भी नहीं रुके; खेत में खड़े होकर...
Tuesday, Apr 07, 2026-10:00 AM (IST)
Assam Assembly Election: असम विधानसभा चुनाव के दौरान झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को चाबुआ क्षेत्र में चुनावी सभा में जाने से रोक दिया गया। इसके बाद उन्होंने खेत में खड़े होकर मोबाइल फोन के जरिए लोगों को संबोधित किया और इस घटना पर अपनी प्रतिक्रिया सोशल मीडिया पर साझा की।
खेत में खड़े होकर मोबाइल से ही जनसभा को किया संबोधित
असम के चाबुआ विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे सीएम हेमंत सोरेन को सभा स्थल तक जाने से रोक दिया गया। इसके बाद उन्होंने पास के खेत में खड़े होकर मोबाइल से ही जनसभा को संबोधित किया। इस घटना को लेकर सोरेन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। उन्होंने कहा कि उन्हें असम के चाबुआ के लोगों से मिलने से रोका गया, लेकिन विरोधियों की ऐसी साजिश सफल नहीं होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे लोग घमंड में लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं, ताकि सच जनता तक न पहुंच सके।
सोरेन ने लोगों से की एकजुट होने की अपील
सोरेन ने कहा कि उनका संघर्ष न रुकेगा और न झुकेगा। उनके अनुसार यह सिर्फ चुनाव की लड़ाई नहीं, बल्कि सम्मान, अधिकार और अस्तित्व की लड़ाई है। उन्होंने यह भी कहा कि असम के आदिवासी समुदाय को अभी तक अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा नहीं देना एक बड़ा अन्याय है। इसके अलावा, उन्होंने चाय बागान के मजदूरों के लिए 500 रुपये न्यूनतम मजदूरी की मांग को उनका हक बताया और कहा कि वे इसे दिलाकर रहेंगे। अंत में उन्होंने लोगों से एकजुट होने की अपील की और कहा कि एकता ही शोषण करने वालों को हराने का सबसे बड़ा हथियार है।

