झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम में लुटेरों के अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, 3 लोग गिरफ्तार
Sunday, Aug 27, 2023-12:53 PM (IST)

चाईबासा: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में लुटेरों के एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ कर 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह गिरोह झारखंड और ओडिशा में लूटपाट की घटनाओं में कथित रूप से शामिल था। पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गिरोह के 2 सदस्यों को शनिवार को जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। शेखर ने कहा कि इन लोगों को कुछ दिन पहले सरायकेला-खरस्वान जिले में हत्या के एक मामले में गिरफ्तार किए गए गिरोह के एक अन्य सदस्य द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर गिरफ्तार किया गया।
शेखर ने बताया कि आरोपियों के पास से 3 देसी पिस्तौल, 5 जिंदा कारतूस, 5 दरांती, लूटे गए पैसे से खरीदी 2 मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। उन्होंने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों को पकड़ने के लिए छापेमारी जारी है।