वंदे भारत एक्सप्रेस में लगी आग, धुआं देखकर घबराए लोग; रेलवे की तकनीकी जांच पर उठे सवाल

Friday, Feb 06, 2026-05:17 PM (IST)

Jharkhand News: चक्रधरपुर रेल मंडल में हावड़ा–राउरकेला वंदे भारत एक्सप्रेस में तकनीकी खराबी सामने आने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन के पहियों में आग लगने की घटना के बाद रेलवे प्रशासन को आनन-फानन में ट्रेन रोकनी पड़ी और यात्रियों को दूसरी ट्रेन से रवाना किया गया।

यात्रियों में अफरा-तफरी
दरअसल, चक्रधरपुर रेल मंडल के टुनिया रेलवे स्टेशन के पास हावड़ा–राउरकेला वंदे भारत एक्सप्रेस में उस समय हड़कंप मच गया, जब इंजन से तीसरे कोच के पहियों में हॉट एक्सल के कारण आग लग गई। घटना के बाद पहियों से धुआं उठने लगा, जिसे देखकर ट्रेन में सवार यात्रियों में घबराहट फैल गई। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन हरकत में आया और वंदे भारत एक्सप्रेस को टुनिया रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया। मौके पर पहुंची तकनीकी टीम ने आग पर काबू पाया और कोच की मरम्मत की। इस घटना से चक्रधरपुर रेल मंडल मुख्यालय में भी हलचल मच गई। हैरानी की बात यह रही कि टाटानगर और चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की पहले ही जांच की जा चुकी थी, इसके बावजूद चक्रधरपुर से सिर्फ 25 किलोमीटर की दूरी पर यह घटना हो गई।

यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए वंदे भारत एक्सप्रेस में सवार सभी यात्रियों को ट्रेन संख्या 12222 हावड़ा–पुणे एसी दुरंतो एक्सप्रेस में शिफ्ट कर राउरकेला भेजा गया। बाद में वंदे भारत एक्सप्रेस के खाली रैक को राउरकेला पहुंचाया गया। इधर, राउरकेला से हावड़ा जाने वाली ट्रेन संख्या 20872 वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन में कोई दिक्कत न हो, इसके लिए रेलवे प्रशासन ने टाटानगर से एक अलग वंदे भारत रैक राउरकेला मंगाया। इसके बाद यह ट्रेन शाम करीब साढ़े चार बजे राउरकेला के प्लेटफॉर्म नंबर पांच से रवाना हुई। इस पूरी घटना के कारण यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। चक्रधरपुर रेल मंडल में पहले से ही ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्री परेशान हैं। अब वंदे भारत जैसी प्रीमियम ट्रेन में तकनीकी खराबी की घटना से यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static