जयनगर से पुरी जा रही एक्सप्रेस से अचानक निकलने लगा धुआं, यात्रियों में मची अफरा-तफरी, सुरक्षित जगह की ओर भागने लगे लोग
Saturday, Apr 04, 2026-03:29 PM (IST)
Jharkhand News: झारखंड के जामताड़ा में एक एक्सप्रेस ट्रेन में अचानक धुआं निकलने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
यात्रियों में मची अफरा-तफरी
जामताड़ा में जयनगर से पुरी जा रही एक एक्सप्रेस ट्रेन के जनरल कोच से अचानक धुआं निकलने लगा। यह घटना जामताड़ा रेलवे स्टेशन से करीब एक किलोमीटर दूर सहाना गांव के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही कोच से धुआं उठता दिखा, यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। डर के कारण ट्रेन रुकते ही लोग जल्दी-जल्दी नीचे उतरकर सुरक्षित जगह की ओर भागने लगे।
रेलवे प्रशासन तुरंत सक्रिय
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया। मौके पर जांच टीम भेजी गई और हालात को जल्द ही काबू में कर लिया गया। फिलहाल स्थिति सामान्य है और तकनीकी टीम धुआं निकलने के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए ट्रेन को आगे रवाना करने की कोशिश की जा रही है।

