ट्रेनों के खाने पर फिर सवाल: राजधानी एक्सप्रेस में कीड़े वाली सब्जी, ई-कैटरिंग बिरयानी में निकला काकरोच

Thursday, Apr 02, 2026-12:51 PM (IST)

Jharkhand News: भारतीय रेलवे की प्रीमियम ट्रेनों में मिलने वाले खाने की गुणवत्ता पर एक बार फिर गंभीर सवाल उठे हैं। हाल ही में वंदे भारत एक्सप्रेस में खराब दही मिलने का मामला सामने आया था और अब दो नई घटनाओं ने यात्रियों की चिंता बढ़ा दी है।

यात्री ने दर्ज कराई शिकायत 
पटना-टाटा वंदे भारत एक्सप्रेस में कीड़े लगी दही परोसने का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि दो और चौंकाने वाली घटनाएं सामने आ गई हैं। इन घटनाओं ने रेलवे की खान-पान व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। पहला मामला नई दिल्ली से हावड़ा जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस का है। 31 मार्च को गुरुग्राम के रहने वाले शेखर कुमार इस ट्रेन के फर्स्ट एसी कोच में यात्रा कर रहे थे। सफर के दौरान उन्हें जो खाना दिया गया, उसमें मिक्स वेज सब्जी में कीड़ा मिला। उन्होंने तुरंत पैंट्री मैनेजर से शिकायत की और रेल मदद ऐप पर भी मामला दर्ज कराया।

दूसरा मामला मदार-कोलकाता साप्ताहिक एक्सप्रेस का है। इस ट्रेन में सफर कर रहे एक यात्री ने आईआरसीटीसी की ई-कैटरिंग सेवा से बिरयानी ऑर्डर की थी। जब उन्होंने पैकेट खोला तो उसमें काकरोच मिला। यह ऑर्डर धनबाद स्टेशन पर एक होटल से सप्लाई किया गया था। यात्री ने इसकी शिकायत भी रेल मदद पर दर्ज कराई।

"यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है"
जानकारी के अनुसार, यह बिरयानी धनबाद स्टेशन रोड स्थित भारत हिंदू होटल से भेजी गई थी, जो आईआरसीटीसी ई-कैटरिंग से जुड़ा हुआ है। इन घटनाओं के बाद सवाल उठ रहा है कि सख्त कार्रवाई और भारी जुर्माने के बावजूद ट्रेनों में खाने की गुणवत्ता में सुधार क्यों नहीं हो रहा है। आईआरसीटीसी ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे। शिकायत को दर्ज कर लिया गया है और उसकी जानकारी यात्री को दे दी गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static