महुआ चुनने जंगल गए ग्रामीणों ने झाड़ियों में देखा कुछ ऐसा...देखते ही उड़ गए होश, जांच में जुटी पुलिस

Saturday, Apr 04, 2026-05:28 PM (IST)

Jharkhand News: झारखंड के चतरा जिले में एक पशु चिकित्सक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। सदर थाना क्षेत्र के तपेज-रमना मुख्य सड़क के पास स्थित झाड़ी से शव बरामद किया गया है। मृतक की पहचान बहराकोचवा गांव निवासी पशु चिकित्सक जोगेंद्र यादव के रूप में हुई है, जो चतरा में ही पशुपालन विभाग में तैनात थे।

शव पर मिले कई गंभीर जख्म के निशान
डॉक्टर देर शाम घर से लापता थे और रातभर उनकी तलाश की गई। इसी बीच सुबह महुआ चुनने जंगल जा रहे ग्रामीणों ने झाड़ियों में शव देखा और इसकी सूचना मुखिया कृष्णा दुबे को दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और मौके से शव बरामद किया गया। परिजनों के अनुसार, शाम करीब छह बजे वह घर पहुंचे थे और सब्जी देकर कहा था कि खाना बनाइए, मैं थोड़ी देर में आता हूं, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने पुलिस से खोजबीन की गुहार लगाई थी। शव पर कई गंभीर जख्म के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है। मौके से मृतक की मोटरसाइकिल और मोबाइल बरामद किया गया है। इधर सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी अवधेश सिंह और एसडीपीओ संदीप सुमन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

जांच में जुटी पुलिस 
मामले की गंभीरता को देखते हुए हजारीबाग से डॉग स्क्वाड की टीम भी बुलाई जा रही है ताकि साक्ष्य एकत्रित किए जा सकें। वहीं पुलिस मृतक के मोबाइल को भी खंगाल रही है। घटना की खबर फैलते ही इलाके में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। जिला परिषद सदस्य सह कांग्रेस जिला अध्यक्ष चंद्रदेव गोप और पूर्व मुखिया कुमार विवेक भी मौके पर पहुंचे। सदर एसडीपीओ संदीप सुमन ने कहा कि पशु चिकित्सक का शव मिला है, उसके शरीर पर कई गंभीर चोट के निशान मिले हैं, पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static