स्वास्थ्य विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई चिकित्सा पदाधिकारियों का तबादला, देखें लिस्ट
Sunday, Aug 02, 2026-11:45 AM (IST)
Jharkhand News: झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने 51 चिकित्सा पदाधिकारियों का तबादला एवं नई जगहों पर पदस्थापन किया है। इस संबंध में विभाग ने 31 जुलाई 2026 को अधिसूचना जारी की है।
जारी आदेश के अनुसार, रांची के सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार को स्वास्थ्य निदेशालय में निदेशक (स्वास्थ्य) नियुक्त किया गया है। उन्हें चिकित्सा शिक्षा निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
वहीं, डोरंडा राजकीय औषधालय की चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मीता सिन्हा को निदेशक (परिवार कल्याण) बनाया गया है।
इसके अलावा डॉ. अश्विनी कुमार को राज्य आरसीएच पदाधिकारी तथा डॉ. रंजीत प्रसाद को राज्य वेक्टर जनित रोग निवारण पदाधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।
जामताड़ा के सिविल सर्जन डॉ. शिव प्रसाद मिश्रा को देवघर का नया सिविल सर्जन बनाया गया है, जबकि देवघर के सिविल सर्जन डॉ. रमेश कुमार को अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी के पद पर पदस्थापित किया गया है।
वहीं, पदस्थापन की प्रतीक्षा कर रहे डॉ. शेख मो. जफरुल्लाह, डॉ. जगदीश प्रसाद, डॉ. श्याम सुन्दर पासवान और डॉ. सुशान्तो कुमार मांझी को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
15 अगस्त तक पदभार संभालने के निर्देश
स्वास्थ्य विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि स्थानांतरित चिकित्सा पदाधिकारियों को 15 अगस्त 2026 तक नए पदस्थापन स्थल के लिए विरमित किया जाए। यदि किसी अधिकारी को निर्धारित तिथि तक विरमित नहीं किया जाता है, तो वह 16 अगस्त की दोपहर से स्वत: विरमित माना जाएगा। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि अगस्त 2026 का वेतन सभी स्थानांतरित डॉक्टरों को उनके नए कार्यस्थल से मिलेगा। इसके अलावा, जिन डॉक्टरों के स्थान पर नए अधिकारियों की पोस्टिंग कर दी गई है लेकिन उनकी नई पदस्थापना नहीं हुई है, उन्हें स्वास्थ्य विभाग, रांची में योगदान देने का निर्देश दिया गया है।

