वंदे भारत के खाने से महिला के सूज गए होंठ, बच्चे को हुआ डायरिया; जांच के घेरे में IRCTC

Thursday, Apr 02, 2026-06:11 PM (IST)

Jharkhand News: प्रीमियम ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस में बेहतर सुविधाओं के दावों के बीच खाने की गुणवत्ता को लेकर एक गंभीर शिकायत सामने आई है। रांची की एक महिला यात्री ने आरोप लगाया है कि ट्रेन का खाना खाने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और उनके छोटे बच्चे की भी हालत खराब हो गई।

PunjabKesari

वंदे भारत के खाने से महिला के सूज गए होंठ
रांची की रहने वाली आयुषी सिंह ने 27 मार्च को ट्रेन नंबर 22500 (वाराणसी–देवघर वंदे भारत एक्सप्रेस) से यात्रा की। वह कोच E1 में सफर कर रही थीं। आयुषी का कहना है कि ट्रेन में दिया गया खाना खाने के बाद उन्हें तेज एलर्जी हो गई। साथ ही उनके दो साल के बच्चे को दस्त की समस्या हो गई। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इस घटना की जानकारी दी और बताया कि उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई थी। उन्होंने अस्पताल की पर्ची और कुछ तस्वीरें भी शेयर की हैं।

वंदे भारत के खाने पर फिर उठे सवाल
महिला ने ट्रेन के खाने की गुणवत्ता और साफ-सफाई पर सवाल उठाए हैं। उनका यह भी आरोप है कि शिकायत करने पर ट्रेन स्टाफ का व्यवहार ठीक नहीं था। फिलहाल आयुषी का इलाज रांची के एक अस्पताल में चल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि ट्रेन में दिया गया पानी भी अजीब स्वाद का था, जिससे उन्हें और शक हुआ। इस मामले पर IRCTC ने बयान दिया है कि 27 मार्च को परोसे गए खाने की जांच की गई थी और वह ठीक पाया गया। वहीं, अधिकारियों का कहना है कि यह ट्रेन वाराणसी–देवघर रूट की है, इसलिए इस मामले की पूरी जानकारी संबंधित रूट के अधिकारी ही दे सकते हैं।

इस घटना के बाद एक बार फिर ट्रेनों में मिलने वाले खाने की गुणवत्ता और उसकी निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं। यात्रियों ने भी सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को उठाते हुए रेलवे से सख्त कार्रवाई की मांग की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static