मुख्यमंत्री ने पर्यटन, कला-संस्कृति, खेल-कूद एवं युवा कार्य विभाग के अद्यतन कार्य प्रगति की उच्चस्तरीय समीक्षा की

Wednesday, Jun 19, 2024-08:37 AM (IST)

रांचीः झारखंड के मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने आज झारखंड मंत्रालय में अधिकारियों की उपस्थिति में पर्यटन, कला-संस्कृति, खेल-कूद एवं युवा कार्य विभाग के अद्यतन कार्य प्रगति की उच्चस्तरीय समीक्षा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में प्राकृतिक सौन्दर्यता बेमिशाल है। हम सभी झारखंड वासियों का यह सौभाग्य है कि यहां विभिन्न समुदायों के कई अहम धार्मिक स्थल तथा अलग-अलग कला-संस्कृति का एक अनोखा मिश्रण पाया गया है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आदिवासी धर्मावलंबियों के आस्था एवं विश्वास का धर्मस्थल लुगुबुरु तथा मरांगबुरु को एक बेहतर पर्यटन स्थल के रूप में जल्द से जल्द विकसित किया जाए। पर्यटन विभाग के पदाधिकारी जल्द से जल्द इस निमित्त एक बेहतर डीपीआर तैयार कर आगे की कार्रवाई प्रारंभ करें। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पहाड़ी मंदिर परिसर रांची का सम्पूर्ण विकास जरूरी है। पहाड़ी मंदिर आस्था और विश्वास का एक बड़ा धर्मस्थल है। राज्य सरकार द्वारा पहाड़ी मंदिर में रोप-वे बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया था, इसके लिए फीजिबिलिटी वेरीफिकेशन भी हुई थी, पदाधिकारी फीजिबिलिटी रिपोर्ट जल्द मंगाकर आगे की कारर्वाई प्रारंभ करें। पहाड़ी मंदिर के विकास के लिए जो भी रोड में तैयार किया गया है, उस पर जल्द से जल्द कार्य प्रारंभ करना सुनिश्चित करें।

चंपई सोरेन ने कहा कि झारखंड के पर्यटन तथा धार्मिक स्थलों को विश्व के मानचित्र पर लाने के लिए हमें क्या कार्य करने की जरूरत है इस पर एक बेहतर कार्य योजना बनाते हुए आगे बढ़ना पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने पदाधिकारियों से कहा कि राज्य में धार्मिक, आध्यात्मिक सहित विभिन्न पर्यटन के क्षेत्र में अनेक संभावनाएं हैं। इन बहुआयामी पर्यटन संभावनाओं को द्दष्टिगत रखते हुए इनका विकास होना बहुत ही आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि झारखंड भ्रमण पर जो भी पर्यटक आते हैं, वे यहां से एक बेहतर अनुभव लेकर अपने घर वापस जाएं, ताकि पर्यटन के क्षेत्र में देश और दुनिया में झारखंड की अलग पहचान बन सके।

बैठक में सीएम ने पदाधिकारियों से कहा कि रामगढ़ जिला स्थित रजरप्पा एक बेहतरीन धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित की जा सके, इस निमित्त जल्द से जल्द डीपीआर तैयार करें तथा रजरप्पा में क्या नया किया जा सकता है, उस पर भी पदाधिकारी कार्य योजना बनाएं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Related News

static