झारखंड के इन जिलों में होगी भारी बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

Saturday, Sep 14, 2024-08:24 AM (IST)

रांची: झारखंड में भारी‌‌ बारिश को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी कर दी है। कई इलाकों में 14 और 15 सितंबर को भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में ऑरेंज और कई इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया है।मौसम विभाग ने आंधी तूफान के साथ वज्रपात की आंशका भी जताई है।

बांग्लादेश में बने सर्कुलेटिंग सर्कुलेशन का असर दिखने को मिलेगा
मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक व प्रभारी अभिषेक आनंद ने कहा है कि एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन म्यंमार से दक्षिण-पूर्व बांग्ला देश होते हुए बंगाल की खाड़ी की ओर तेजी से बढ़ रहा है। 48 घंटे में यह तटीय क्षेत्र में पूरी तरह से पहुंच जायेगा। जिससे पूरे राज्य में बारिश होने की संभावना है।

इन जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम पुर्वानुमान के मुताबिक 14 सितंबर को पूरे राज्य में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। चतरा, लातेहार, लोहरदगा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा और खूंटी जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि रांची, रामगढ़, बोकारो और धनबाद जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 15 सितंबर को चतरा, लातेहार, लोहरदगा, हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो, सरायकेला और पूर्वी सिंहभूम में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि रांची, गुमला, सिमडेगा, खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

किसानों और आम लोगों को सतर्कता बरतने के निर्देश
वहीं,प्रशासन द्वारा लोगों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए जा रहे है। लोगों को खुले स्थानों पर न जाने के लिए कहा जा रहा है। खेतों में काम करने वालों को भी सावधान रहने की सलाह दी जा रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static