हजारीबाग में हुआ अभिनेत्री ईशा आलिया का अंतिम संस्कार, पैतृक गांव के लोगों ने मरने के बाद भी नहीं अपनाया
Friday, Dec 30, 2022-04:15 PM (IST)

हजारीबाग: अभिनेत्री ईशा आलिया का झारखंड के हजारीबाग जिले में आज यानी शुक्रवार को अंतिम संस्कार किया गया, लेकिन जिस गांव में अभिनेत्री ईशा बड़ी हुई वहां के लोगों ने ईशा का अंतिम संस्कार गांव में करने को मना कर दिया। इसलिए ईशा का अंतिम संस्कार जिले में किया गया।
ईशा को प्यार के बदले मिली मौत
दरअसल, अभिनेत्री ईशा को भी शायद नहीं पता होगा कि उसे प्यार करने की इतनी बड़ी सजा मिलेगी। उसे भी नहीं पता होगा कि जिसके लिए वह सब कुछ छोड़ आई वो पति ही उसे जान से मार देगा। क्या पता था कि ईशा को प्यार के बदले मौत मिलेगी। यहां तक कि अपनी मर्जी से शादी करने की वजह से मरने के बाद भी गांव वालों ने भी ईशा को अपनाने से मना कर दिया। वहीं, आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर 12 दिनों की पुलिस रिमांड पर लिया है।
मासूम बच्ची की क्या गलती थी?
जानकारी के मुताबिक ईशा का पति प्रकाश अलबेला पहले से शादीशुदा था। 2 बच्चों का पिता भी था। दोनों के बीच इसे लेकर कई बार झगड़ा हुआ करता था। शादी के बाद से इन दोनों के बीच सब ठीक नहीं था। बावजूद इसके ईशा प्रकाश के साथ रहना चाहती थी। काफी विवाद, झगड़े के बाद भी दोनों साथ थे। दोनों ने समाज से लड़कर लव मैरिज की थी, जिसका अंत ये हुआ, लेकिन इन सब के बीच उस मासूम बच्ची का क्या कसूर था। उस मासूम बच्ची की क्या गलती थी कि उसे पूरी जिंदगी अपनी मां के बिना जीना पड़ेगा।
पति ही निकला ईशा आलिया का कातिल
बता दें कि अभिनेत्री रिया कुमारी कई क्षेत्रीय फिल्मों, एलबम और वीडियो म्यूजिक में काम कर चुकी हैं। रांची जिले के टैगोर हिल एरिया में उनका फ्लैट है। इसी फ्लैट में वह पति प्रकाश अलबेला और 2 साल की बेटी के साथ रहती थी। रिया कुमारी ने साल 2009 में झारखंडी फिल्म इंडस्ट्री झॉलीवुड में कदम रखा था। उन्होंने नागपुरी के साथ-साथ भोजपुरी, खोरठा, बांग्ला सहित कई एलबम में काम किया था। इस इंडस्ट्री में वह अलग पहचान रखती थी। पति प्रकाश अलबेला भी झालीवुड से जुड़े हैं। वो बतौर डायरेक्टर काम कर रहे हैं। उन्होंने ही बंगाल में पत्नी रिया कुमारी की हत्या की है।