RJD कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज के विरोध में विधान परिषद में हंगामा, जमकर हुई नारेबाजी

3/23/2021 5:22:33 PM

पटनाः बिहार विधान परिषद में मुख्य विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस के सदस्यों ने युवा राजद के कार्यकर्ताओं पर आज प्रदर्शन के दौरान बर्बर पुलिस लाठीचार्ज को लेकर भोजनावकाश से पूर्व भारी शोरगुल और नारेबाजी की।

राजद के सुनील कुमार सिंह ने मंगलवार को शून्यकाल के समाप्त होते ही इस मामले को उठाया। उन्होंने कहा कि युवा राजद के कार्यकर्ता बेरोजगारी, विधि-व्यवस्था, महंगाई, भ्रष्टाचार, शिक्षा, स्वास्थ्य और शिक्षक अभ्यर्थियों की नियुक्ति के मुद्दे को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे तभी राजधानी के डाकबंगला चौराहा पर पुलिस लाठीचार्ज किया गया।

राजद के ही सुबोध कुमार राय ने कहा कि पुलिस लाठीचार्ज में कई कार्यकर्ता के पैर टूटे तथा सिर फूट गए। सरकार सबका साथ सबका विकास का नारा देती है लेकिन आज पुलिस की ओर से लाठीचार्ज कर पुलिस दमन की मिसाल पेश की गई है। इसके बाद राजद और कांग्रेस के सदस्य अपनी-अपनी सीटों के समक्ष खड़े होकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।

शोरगुल के बीच ही राजद के रामचंद्र पूर्वे ने कहा कि आज डॉ. राम मनोहर लोहिया का जन्मदिन है और इस मौके पर इस तरह का कृत्य किया गया, तभी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रोफेसर नवल किशोर यादव ने कहा कि प्रदर्शनकारियों के लिए प्रशासन की ओर से स्थान चिन्हित है और वहां पर प्रदर्शन नहीं कर प्रतिबंधित क्षेत्र में किया गया। कार्यकारी सभापति अवधेश नारायण सिंह के आग्रह के बाद राजद और कांग्रेस के सदस्य शांत होकर बैठ गए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Recommended News

Related News

static