Sasaram Lok Sabha Seat: मंत्री जमा खान ने अपने गांव में किया मतदान, बोले- दिल्ली में सरकार बनाने जा रही NDA
Saturday, Jun 01, 2024-01:44 PM (IST)
सासाराम: लोकसभा के सातवें और अंतिम चरण में बिहार में 8 सीटों पर वोट डाले जा रहे है। इसी बीच बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान ने सासाराम लोकसभा क्षेत्र के चैनपुर विधानसभा अंतर्गत अपने गांव नौघरा में गांव वालों के साथ वोट डाला।
'NDA दिल्ली में सरकार बनाने जा रहा'
वहीं मतदान करने के बाद मीडिया कर्मियों से बातचीत के दौरान मंत्री जमा खान ने कहा कि हम लोग बिहार में 40 की 40 सीटों पर लड़े रहे हैं और प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बहुत विकास किया है, उनके विकास के बदौलत ही हम लोग सभी सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर 4 तारीख को एनडीए दिल्ली में सरकार बनाने जा रही है।
बता दें कि बिहार में सातवें एवं अंतिम चरण की 8 लोकसभा सीटों पर आज मतदान जारी है। जिन 8 सीटों पर मतदान हो रहा है, उनमें नालंदा, पटना साहिब, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, सासाराम (सु), काराकाट और जहानाबाद सीट शामिल है। इन 8 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पांच, जनता दल यूनाइटेड (जदयू) दो और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) एक सीट पर चुनाव लड़ रही। सातवें चरण में सभी 8 लोकसभा सीट से 134 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जो अपने भाग्य को आजमा रहे हैं।