सालों की मेहनत, चंद मिनटों में राख, 500 दुकानों के साथ जल गए दुकानदारों के अरमान; अग्निकांड की दर्दनाक दास्तां कंपा देगी रुह
Monday, Feb 16, 2026-11:47 AM (IST)
Bihar News : बिहार के कटिहार जिले से एक रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है। रविवार की शाम कुर्सेला थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध 'कुर्सेला हाट' में अचानक लगी भीषण आग ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। पल भर में करीब 500 से ज्यादा दुकानें जलकर खाक हो गईं। बाजार में चारों ओर सिर्फ धुएं का गुबार और दुकानदारों की चीखें सुनाई दे रही थीं।
बताया जा रहा है कि रविवार देर शाम जब बाजार अपनी पूरी रौनक पर था, तभी अचानक एक दुकान से आग की लपटें उठनी शुरू हुईं। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, आग ने विकराल रूप ले लिया। अफरा-तफरी के बीच दुकानदार और ग्राहक जान बचाकर भागने लगे। हालांकि, दुकानदारों को अपनी मेहनत की कमाई और माल बचाने का मौका तक नहीं मिला। हालांकि आग लगने के कारणों का पता नहीं लग सका।
7 करोड़ की संपत्ति स्वाहा
प्रशासनिक सूत्रों और स्थानीय व्यापारियों के अनुसार, इस अग्निकांड में करीब 7 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जलकर बर्बाद हो गई है। रात 10 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कटिहार के अलावा नवगछिया और भागलपुर से भी दमकल की अतिरिक्त गाड़ियां मंगवाई गईं। स्थानीय लोग भी अपने स्तर पर बाल्टियों और पानी के पाइप से आग बुझाने की जद्दोजहद में जुटे रहे।
इस भीषण अग्निकांड के बीच राहत की बात यह रही कि अब तक किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन की रेस्क्यू टीम मौके पर कैंप कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिकता आग को पूरी तरह बुझाने और आस-पास के आवासीय क्षेत्रों को बचाने की है। घटना के बाद से ही दुकानदारों का बुरा हाल है, जिनकी आंखों के सामने उनकी पूरी जमा-पूंजी राख के ढेर में बदल गई।

