पति का गला रेता, बोरे में लाश भर 30 KM दूर फेंकी..., हत्याकांड की खौफनाक दास्तां जान कांप उठेगी रुह
Thursday, Apr 02, 2026-09:45 AM (IST)
Bihar Crime News : बिहार के पूर्णिया जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मामूली घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। एक महिला ने कथित तौर पर अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर दी और सबूत मिटाने की कोशिश में शव को दूर फेंक दिया। सबसे चौंकाने वाली बात ये रही कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला खुद ही जेल पहुंच गई और गिरफ्तार करने की मांग करने लगी।
पुलिस के अनुसार, घटना कस्बा नगर परिषद के वार्ड नंबर 9 स्थित राधा नगर गांव की है। मृतक की पहचान 45 वर्षीय उमेश सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार की रात उमेश सिंह और उनकी पत्नी सुनीता देवी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि सुनीता देवी ने घर में रखी तेज धार वाली हंसिया से पति पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी महिला ने शव को ठिकाने लगाने की साजिश रची। उसने पति के शव को एक बोरे में भरकर करीब 30 किलोमीटर दूर आमोर थाना क्षेत्र के पलसा घाट पुल के पास फेंक दिया, ताकि घटना को छुपाया जा सके। इस मामले में सबसे हैरानीजनक बात यह है कि जब वारदात को अंजाम देने के बाद सुनीता देवी खुद सेंट्रल जेल पहुंच गई। वहां उसने जेल अधिकारियों से खुद को बंद करने की जिद की। वहीं जेल प्रशासन ने तुरंत केहट थाना पुलिस को मामले की सूचना दी।
पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर महिला ने हत्या की पूरी कहानी कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने पलसा घाट से उमेश सिंह का शव बरामद कर लिया। इस मामले में पुलिस ने एक अन्य शख्स महेंद्र सिंह को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। आशंका जताई जा रही है कि शव को इतनी दूर ले जाकर ठिकाने लगाने में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका हो सकती है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

